पुलिस के खिलाफ भाजपा ने किया प्रदर्शन
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर में पुलिस की कार्यशैली के ि
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर में पुलिस की कार्यशैली के विरोध में भाजपा में जबर्दस्त नाराजगी है। नाराज भाजपाइयों ने इस मुद्दे को लेकर सोमवार को नगर थाने के समक्ष जबर्दस्त प्रदर्शन कर टाउन आइसी राजा मुखर्जी के खिलाफ जमकर नारे लगाए। प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा नेता तुषार मुखर्जी, सांसद प्रतिनिधि अब्दुल मोइन, भाजपा की खड़गपुर मध्य मंडल कमेटी के अध्यक्ष पी सोमनाथन तथा उत्तर मंडल कमेटी अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल समेत तमाम पदाधिकारी व सदस्यों ने हिस्सा लिया। पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ भाजपा नेताओं ने नगर थाना प्रभारी राजा मुखर्जी से मुलाकात कर नाराजगी जाहिर की। भाजपा नेता अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि देश में सबड़ी बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा है, लेकिन खड़गपुर में भाजपा की शिकायतों पर पुलिस गंभीरता पूर्वक ध्यान नहीं दे रही है। किसी के साथ भी हो रहे अन्याय व अत्याचार को लेकर हमलोग जब पुलिस के पास जाते हैं, तो न्याय नहीं मिल पाता है। पुलिस प्रशासन को निरपेक्ष होकर काम करना चाहिए, लेकिन खड़गपुर में यह नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण बाध्य होकर हमलोगों को थाने के समक्ष प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं की, तो फिर हमलोग बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए विवश हो जाएंगे।