प्रगतिशील छात्र-छात्रा संगठन ने निकाला मौन जुलूस
जम्मू के कठुआ समेत देश में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं के प्रतिवाद मे
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : जम्मू के कठुआ समेत देश में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं के प्रतिवाद में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर शहर में मंगलवार को प्रगतिशील छात्र-छात्रा संगठन की ओर से मौन जुलूस निकाला गया। सुबह 11 बजे शहर के गोलकुआं चौक पर एकत्रित हुए विद्यार्थियों का समूह दुष्कर्म के दोषियों को अविलंब सख्त से सख्त सजा देने की मांग करते हुए नारे लिखी तख्तियां लेकर जुलूस में शामिल हुए।
कॉलेज चौक से होते हुए पंचू चौक पहुंच कर जुलूस का समापन हुआ। जुलूस में शामिल अंजना बेरा व पूजा महतो समेत अन्य विद्यार्थियों ने कहा कि बदलते समय के साथ एक ओर महिलाएं जहां नई-नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर उनके साथ दुष्कर्म की घटनाओं में भी तेजी से वृद्धि देखने को मिल रही है। आलम यह है कि नवजात से लेकर वृद्धा तक अब इससे अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं करती। किशोर से लेकर वृद्ध पुरुष तक महिलाओं को भोग की वस्तु समझने लगे हैं। जम्मू के कठुआ की घटना हो या उत्तर प्रदेश के उन्नाव की, हर जगह महिला को भोग की वस्तु समझ कर उपभोग करना पुरुष अपना अधिकार समझ बैठा है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुरुष समाज को अपनी सोच बदलनी होगी।