जिले भर में प्री मानसून की झमाझम बारिश
मानसून के पहले अर्थात प्री मानसून की झमाझम बारिश शुक्रवार को
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : मानसून के पहले अर्थात प्री मानसून की झमाझम बारिश शुक्रवार को जिले भर में हुई। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर, मेदिनीपुर सहित जिले के विभिन्न जगहों पर दोपहर बाद को हुई प्री मानसून की झमाझम बारिश ने लोगों को आनंद से भर दिया। जिले में 12 मिलीमीटर बारिश हुई।
बारिश के कारण आर्द्रता के साथ ही तापमान में कमी आने से मौसम अचानक शीतल हो उठा। जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। इसके पहले दोपहर तक जिले में जबर्दस्त आर्द्रता व्याप्त रहा। अधिकतम 95 फीसद आर्द्रता के कारण उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन आकाश में काफी देर तक घने काले बादल छाए रहने व इसके बाद तेज हवा के साथ भारी बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से तपन से राहत मिली। इधर पश्चिम मेदिनीपुर जिले में मानसून का आगमन 10 जून तक होने की संभावना मौसम विभाग की ओर से व्यक्त की गई है। मेदिनीपुर में स्थित मौसम का आकलन करने वाली संस्था एमसी राणा आकाश पर्यवेक्षण केंद्र के प्रमुख तापस गोस्वामी ने कहा कि जिले में मानसून के पहले अर्थात प्री मानसून का आगमन हो गया है। शुक्रवार को जिले भर में प्री मानसून की 12 मिलीमीटर बारिश हुई है। अगले 24 घंटे के दौरान आकाश में बादल छाए रहने तथा जिले के कुछ जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। जिले में पूर्ण मानसून का प्रवेश 10 जून तक होने की पूरी संभावना है। इस बार भी जिले में मानसून की बेहतर बारिश होगी, जिससे किसानों को काफी लाभ होगा।