रथयात्रा में बाधा पहुंचाने वालों को सिखाएंगी सबक
भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी ने विरोधियों को
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी ने विरोधियों को चेताते हुए एक बार फिर से अपनी बातों को दोहराया और कहा कि जो भी रथयात्रा में बाधा पहुंचाने का प्रयास करेगा, उसे महिलाएं उचित सबक सिखाएंगी। हम किसी की धमकियों से डरने वाली नहीं हैं। महिलाएं अपने सम्मान की रक्षा के लिए लाठी, डंडा, झाड़ू आदि लेकर रथ के आगे-आगे चलेंगी, ताकि गड़बड़ी करने वालों को हम उचित प्रकार से जवाब दे सकें।
सोमवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के गोल बाजार स्थित राम मंदिर प्रांगण में रथयात्रा को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की हुई बैठक में मौजूद भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी ने मीडिया से कहा कि भाजपा द्वारा गणतंत्र की रक्षा के लिए इस रथयात्रा का आयोजन किया गया है। पश्चिम बंगाल में नारी अपने सम्मान की रक्षा के लिए रथ के आगे चलेंगी। विरोधी दलों से हमें धमकी दी जा रही है कि यहां यात्रा निकालने पर रथ को तोड़ दिया जाएगा। लॉकेट ने शनिवार को कही गई अपनी बातों को, जिसमें उन्होंने कहा था कि जो भी रथयात्रा को बाधा पहुंचाएगा, उसे कुचल दिया जाएगा, को दोहराते हुए कहा कि जो भी रथयात्रा में बाधा पहुंचाने का प्रयास करेगा, उसे महिला मोर्चा उचित सबक सिखाएगा। सैकड़ों महिलाएं रथ के सामने लाठी-डंडा, झाड़ू आदि लेकर चलेंगी, क्योंकि हमें पुलिस प्रशासन पर कतई भरोसा नहीं है। लिहाजा अपने सम्मान की रक्षा हमें स्वयं करनी होगी। जो भी बाधा देगा, उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। बैठक में भाजपा प्रदेश कमेटी के उपाध्यक्ष विश्वप्रिय रायचौधरी, महासचिव प्रताप बनर्जी, सायंतन बसु, सचिव तुषारकांति घोष, राज्य कमेटी के सदस्य तुषार मुखर्जी, प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष संघमित्रा रायचौधरी, जिला भाजपा अध्यक्ष समित दास,जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष उज्जवला साहा आदि मौजूद रहीं। बताते चलें कि भाजपा 7,8 और 9 दिसंबर को राज्य के सभी 42 लोस क्षेत्रों में रथयात्रा निकालेगी। उसी क्रम में यह रथयात्रा पश्चिम मेदिनीपुर जिले की सीमा में 31 नवंबर को प्रवेश करेगी।