तापमान में वृद्धि से भीषण गर्मी
पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सावन माह के अंतिम सप्ताह में भी ज्येष्ठ मा
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सावन माह के अंतिम सप्ताह में भी ज्येष्ठ माह के समान ही गर्मी पड़ रही है। शनिवार को अचानक तापमान बढ़ने से लोग भीषण गर्मी से काफी परेशान हो उठे। इस दिन जिले में अधिकतम तापमान बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम आर्द्रता 96 फीसद तथा न्यूनतम आर्द्रता 68 फीसद रहा।
अगले 24 घंटे के दौरान भी तापमान इसी प्रकार रहने की संभावना है। इधर मौसमी वायु की दुर्बलता के कारण अचानक तापमान में वृद्धि का असर कायम रहने की संभावना है। मेदिनीपुर में स्थित मौसम का आकलन करने वाली संस्था एमसी राणा आकाश पर्यवेक्षण केंद्र के प्रमुख तापस गोस्वामी ने कहा कि अगले 24 घंटे के दौरान भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसमी वायु मजबूत होने की स्थिति में बुधवार से जिले में जोरदार बारिश होने की संभावना है। जिले में जोरदार बारिश न होने से किसानों में भी चिता व्याप्त है। खेतों में धान की फसल के लिए ज्यादातर किसान मानसून की जोरदार बारिश पर निर्भर रहते हैं। बारिश न होने से कई किसान अब किराए पर मोटरपंप के सहारे खेतों में पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं।