प्रचार अभियान में जुटी पार्टियां
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत विभिन्न भागों में सोमवार को भी खासी राजनैतिक
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत विभिन्न भागों में सोमवार को भी खासी राजनैतिक सरगर्मियां छाई रही। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी एकजुटता व ताकत दिखाने की कोशिश की, वहीं ग्वालतोड़ में वामपंथी कार्यकर्ता जगह-जगह दलीय प्रचार में व्यस्त रहे।
युवा कांग्रेस के बैनर तले सोमवार की दोपहर कार्यकर्ताओं ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर के पीछे स्थित मंडल अग्नि शमन कार्यालय के समक्ष जमायत की। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं में संगठन के जिलाध्यक्ष मोहम्मद सैफुल, स्नेहाशीष भौमिक आदि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि कुछ दिन पहले विभाग में नियमों के खिलाफ संविदा के आधार पर नियुक्तियां हुई है। जिसे निरस्त किया जाना चाहिए। अन्यथा बड़े पैमाने पर आंदोलन होगा, क्योंकि अभी नियुक्ति करने का अधिकारी मंडलीय अधिकारियों को नहीं है। यह अधिकार मुख्यालय को ही है। लिहाजा इसे निरस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही जन सरोकार वाले मुद्दों पर आंदोलन छेड़ेंगे। दूसरी ओर ग्वालतोड़ प्रखंड में वामपंथी कार्यकर्ता जगह-जगह दलीय प्रचार सामग्री लगाते रहे। यह प्रखंड झाड़ग्राम संसदीय क्षेत्र में आता है, वहीं मेदिनीपुर संसदीय क्षेत्र के मेदिनीपुर शहर में टीएमसी प्रार्थी मानस भुइयां के समर्थन में दलीय कार्यकर्ता दीवार लेखन में व्यस्त रहे।