ग्वालतोड़ कांड में 14 भाजपा समर्थकों का चालान
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत ग्वालतोड़ में रविवार को बाइक रैली के दौरान भाज
जासं, खड़गपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत ग्वालतोड़ में रविवार को बाइक रैली के दौरान भाजपा समर्थकों व पुलिस के बीच झड़प की घटना में पुलिस ने सोमवार को 14 आरोपियों का चालान कर दिया। गिरफ्तार किए गए भाजपा कार्यकर्ताओं में राजीव कुंडू और रघुनाथ मन्ना शामिल हैं।
बता दें कि भाजपा की बाइक रैली के दौरान रविवार को ग्वालतोड़ में पुलिस व भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई थी। इस संबंध में पुलिस पर हमला, सरकारी संपति को नुकसान पहुंचाने और सड़क जाम करने सहित अन्यान्य धाराओं के तहत पुलिस ने स्थानीय थाने में मामला दर्ज किया था। रविवार की रात तक ही पुलिस ने 14 भाजपा समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को आरोपियों को गड़वेत्ता अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने आरोपियों की जमानत याचिका नामंजूर करते हुए उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अभियोजन पक्ष के वकील चिन्मय चक्रवर्ती ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत मामला पंजीकृत है। लिहाजा उन्हें जमानत नहीं मिल सकती। वहीं बचाव पक्ष के वकील सुनील सिंह ने इसे गलत बताते हुए कहा कि उनके मुवक्किलों के खिलाफ गलत तरीके से मामला दर्ज किया गया। भाजपा नेता मानस रुईदास ने कहा कि उन्हें कानून पर भरोसा है। पार्टी कार्यकर्ता जल्द रिहा होंगे।