कल्पतरू उत्सव में उमड़े श्रद्धालु
पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर जिले विभिन्न मठ व मंदिरों में पहली जनवरी को कल्पतरू
जेएनएन, खड़गपुर : पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर जिले विभिन्न मठ व मंदिरों में पहली जनवरी को कल्पतरू उत्सव का पालन किया गया। इस दौरान आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर में महिला परिचालित संस्था शारदा समिति की ओर से इस मौके पर खरीदा स्थित दुर्गाबाड़ी में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मंदिर में स्वामी रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा व स्वामी विवेकानंद की तस्वीर को प्रतिष्ठित कर पहले मंगल आरती की गई। इसके विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना व हवन का आयोजन किया गया। दोपहर में सैकड़ों लोगों के बीच महाप्रसाद बांटे गए। कार्यक्रम के आयोजन में शारदा समिति की अध्यक्ष सीमा चटर्जी, सचिव निभा नाथ, श्यामली राय, पूर्वासा चौधरी, मौसमी चटर्जी, सुलेखा भौमिक, सोमा सामंत, मिली रायचौधरी, दीप्ति गुप्त, चंदना घोष, केया राय, मीता चौधरी, अनिमा राय, सुनंदा चक्रवर्ती, सुजाता सिन्हा समेत सभी महिलाओं ने सक्रिय योगदान दिया। सीमा चटर्जी ने कहा कि भगवान श्रीरामकृष्ण जी ने इसी दिन कल्पतरू का अवतार धारण कर सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूरी की थी। हमलोग हर वर्ष पहली जनवरी को कल्पतरू उत्सव का आयोजन करते हैं। जिसमें समिति से जुड़ी सभी महिलाएं समेत काफी तादाद में भक्त हिस्सा लेते हैं। इधर पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत हल्दिया टाउनशिप में स्थित रामकृष्ण सेवायतन, चैतन्यपुर, तमलुक आदि जगहों पर भी विधि विधान के साथ कल्पतरू उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर भक्तों ने स्वामी रामकृष्ण परमहंस की महिमा की स्तुति गान की।