दिनों दिन घटती जा रही हरियाली
बढ़ती आबादी के साथ ही ग्लोबल वॉर्मिग व जलवायु परिवर्तन का असर अब
विजय शंकर वर्मा, खड़गपुर : बढ़ती आबादी के साथ ही ग्लोबल वॉर्मिग व जलवायु परिवर्तन का असर अब पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर में भी देखा जा रहा है। आबादी में वृद्धि के साथ ही शहर में हरियाली भी तेजी से कम होती जा रही है। शहर में तेजी से नए मोहल्लों व बस्तियों का विस्तार हो रहा है। खेतिहर जमीनों में जहां एक दो दशक पहले तक फसले लहलहाती थीं। वहां अब कंक्रीट के जंगल उगाए जा रहे हैं।
मकान, सड़क आदि निर्माण कार्य के लिए पेड़ों को काटे जा रहे हैं। कुछ वर्ष पहले मलिचा व झपाटापुर रोड के विस्तारीकरण को लेकर सड़क किनारे स्थित एक दर्जन से ज्यादा पेड़ों को काट दिया गया, लेकिन नए पेड़-पौधे लगाने के लिए प्रशासन की ओर से कुछ नहीं किया जा रहा है। कई दूसरे शहरों के समान खड़गपुर में भी हरियाली में कमी के कारण तापमान में वृद्धि हो रही है। गर्मी के मौसम में शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचता है। हरियाली में वृद्धि के लिए यदि सरकार व प्रशासन की ओर से जल्द ही कोई गंभीर प्रयास नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में समस्या और भी गंभीर रूप धारण करने की आशंका लोग जता रहे हैं। प्रशासन की ओर से हरियाली को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण अभियान तो अक्सर चलाया जाता है, लेकिन पौधों की देखभाल पर विशेष ध्यान न देने से समस्या जस की तस बनी रहती है। इसे लेकर भी नागरिकों में रोष है।
क्या कहते हैं लोग
हरियाली कम होने पर कई समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। हरियाली में वृद्धि के लिए प्रशासनिक प्रयास के साथ ही लोगों के बीच जागरूकता अभियान भी निरंतर चलाया जाना चाहिए।
-श्यामल साहा, सुभाषपल्ली, खड़गपुर
--
शहर में हरियाली घट रही है। इसकी वजह से तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। हरियाली बढ़ाने के लिए सभी लोगों को मिलजुल कर काम करने की जरूरत है।
-महेंद्र सिंह, नीमपुरा, खड़गपुर
--
बेहतर पर्यावरण के लिए हरियाली अति आवश्यक है। इस कार्य में सभी लोगों को आगे आने की जरूरत है। ज्यादा पेड़-पौधे लगाकर हरियाली को बढ़ाया जा सकता है।
- सुब्रत कुमार घोष, खरीदा, खड़गपुर
--
शहर में पहले के समान हरियाली नहीं है। हरियाली को बढ़ाने के लिए प्रशासन के साथ ही सभी नागरिक अपने स्तर भी काम करें। ताकि हरियाली को बड़ाया जा सके।
- पी कांति दे, भवानीपुर, खड़गपुर
एक्सपर्ट की राय
हरियाली में वृद्धि के लिए राज्य सरकार की ग्रीन सिटी योजना पर नगरपालिका प्रशासन काम कर रहा है। शीघ्र ही पूरे शहर में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान नपा प्रशासन की ओर से चलाया जाएगा। इस कार्य में आम नागरिकों को भी आगे आकर प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। सभी लोगों के सामूहिक प्रयास से ही हरियाली में वृद्धि संभव है।
- प्रदीप सरकार, अध्यक्ष, खड़गपुर नगरपालिका