गोद में मासूम और बैग में एक करोड़ का याबा, STF ने सिलीगुड़ी में दो महिलाओं समेत 4 तस्करों को दबोचा
एसटीएफ ने सिलीगुड़ी के एनजेपी स्टेशन पर दो महिलाओं सहित चार लोगों को ढाई किलो याबा टैबलेट के साथ गिरफ्तार ...और पढ़ें

सिलीगुड़ी में बच्चों को ढाल बनाकर याबा तस्करी
HighLights
एसटीएफ ने सिलीगुड़ी में याबा तस्करी का भंडाफोड़ किया
दो महिलाओं सहित चार तस्करों को एनजेपी स्टेशन से गिरफ्तार किया
ढाई किलो याबा टैबलेट बरामद, कीमत एक करोड़ से अधिक
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी । मासूमों को ढाल बनाकर याबा तस्करी की साजिश पर एसटीएफ ने पानी फेर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की सिलीगुड़ी यूनिट ने जीआरपी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर एनजेपी स्टेशन से दो महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनके बैग से कुल ढाई किलो याबा टैबलेट बरामद हुआ है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत याबा टैबलेट जब्त कर गुरुवार चारों को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया है। इस नेटवर्क की कड़ी खंगालने को एसटीएफ ने अदालत से आरोपितों की रिमांड मांगी है।
आरोपितों के नाम सैफुल हक, इस्माइल अली, लवली बीबी और रोजिना खातून है। आरोपितों में शामिल सैफुल और इस्माइल कूचबिहार जिले के दिनहाटा थाना अंतर्गत मरीचबाड़ी और दोनों महिलाएं रथिनंदन इलाके की निवासी हैं।
एसटीएफ की माने तो बच्चों को गोद में लेकर महिलाओं ने इन दो लोगों के साथ परिवार के वेश में याबा टैबलेट की डिलीवरी देने निकली थी। कूचबिहार से से एनजेपी और यहां से ट्रेन से आगे रवाना होने की साजिश थी।
लेकिन सूचना के आधार पर एसटीएफ की सिलीगुड़ी यूनिट ने एनजेपी जीआरपी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर शुक्रवार सुबह स्टेशन से चारों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान शुरू होते तीन पिट्ठू बैग और एक लेडीज बैग से याबा टैबलेट का दस पैकेट बरामद हुआ। जिसका वजन ढाई किलोग्राम है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत एसटीएफ ने टैबलेट जब्त कर चारों को गिरफ्तार किया। अधिकारीयों ने जब्त टैबलेट की बाजार कीमत एक करोड़ रूपए से अधिक आंका है।
एसटीएफ और जीआरपी सप्लायर, कैरियर और संभावित रिसीवर के बीच की कड़ी तलाश में जुटी है। खेप कहां से आई और किसे पहुंचाई जानी थी, इसका पता लगाने के लिए आरोपितों से पूछताछ किया जाएगा। दोनों महिलाओं की गोद में एक-एक मासूम बच्चे हैं। एसटीएफ अधिकारियों ने बताया दोनों बच्चे महिलाओं के ही हैं। लेकिन गिरफ्तार पुरुषों के साथ दांपत्य का रिश्ता नहीं है।
