पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा- बंदूक का जवाब बंदूक से दिया जाएगा
पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि पंचायत चुनाव से लेकर अब तक कई भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है।
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। अब धमकी की राजनीति नहीं चलने दी जाएगी। बंदूक के बदले बंदूक व बम के बदले बम फेंका जाएगा। सीधे गोली चलाई जाएगी। इसमें तृणमूल कांग्रेस के नेता (अनुब्रत) मंडल हो या कोई ओर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। पंचायत चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने गुंडाराज चलाया। मंगलवार को जलपाईगुड़ी जिलाधिकारी के सामने धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने ऐसी ही उकसाने वाले भाषाओं का इस्तेमाल करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर वे लोग चाहे तो तृणमूल कांग्रेस का कोई नेता अपने कमरे, कार्यालय से बाहर नहीं निकल सकता है। अपने कार्यकर्ताओं को मार के बदले मारने की बात कही। कुछ पुलिस कर्मी नेता व मंत्रियों को खुश करने के लिए तृणमूल कांग्रेस के लिए काम भी कर रही है। पंचायत चुनाव से लेकर अब तक कई भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। हजारों समर्थक बेघर हैं। विजयी सदस्यों को धमकियां दी जा रही है। वह सभी को शांति से रहने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन अगर तृणमूल कांग्रेस के लोग हमला करेंगे तो जोरदार जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस के गुंडागर्दी के चलते 34 फीसद सीट पर चुनाव ही नहीं हो पाई। उम्मीद है उन सीटों पर सुप्रीम कोर्ट की तरफ से चुनाव कराने का फैसला दिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव में भी केंद्रीय बलों का इस्तेमाल होगा। राज्य की पुलिस दूर रहेगी। इससे पहले भाजपा ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं व पुलिस में धक्का-मुक्की होने से इलाके में तनाव का माहौल देखा गया। मामले को शांत करने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को कार्यालय के भीतर घुसने से रोकने के लिए चार बैरीकेड किया गया था। प्रदर्शन के दौरान दो बैरीकेड तोड़ दिया गया। आज के विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, सायंतन बसु व भाजपा के अन्य जिला नेतृत्व मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार तृणमूल कांग्रेस के हिंसक राजनीति, पुलिस के खिलाफ भाजपा ने विरोध रैली निकालते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। फलस्वरूप किसी भी प्रकार की अशांति को रोकने पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पोस्ट आफिस मोड़ के पास भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष रैली में शामिल हुए। एसडीओ मोड़ पर बैरीकेड के सहारे रैली को रोकने का प्रयास किया गया। यहीं पर भाजपा कार्यकर्ताओं व पुलिस में धक्का-मुक्की भी शुरू हो गई।