तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या, भाजपा पर आरोप
- घर लौटने के दौरान भाजपाइयों द्वारा हमले का आरोप जांच में जुटी पुलिस जागरण संवाददात
- घर लौटने के दौरान भाजपाइयों द्वारा हमले का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी: तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या का आरोप भाजपा पर लगा है। इधर, आरोपों से इंकार करते हुए इस हत्या को तृणमूल के आपसी गुटबाजी का नतीजा बताया है। यह घटना मयनागुड़ी ब्लॉक के सप्टीबाड़ी इलाके में घटी है। मृत तृणमूल कार्यकर्ता का नाम रंजीत अधिकारी है। वह मयनागुड़ी के साप्टीबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत के रहमततुल्ला इलाके का निवासी था। मृतक के मुंह और शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं।
स्थानीय तृणमूल कांग्रेस बूथ अध्यक्ष महेंद्र राय का आरोप है कि रविवार रात को तृणमूल की एक मीटिंग समाप्त करने के बाद घर लौटते समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने रंजीत पर हमला कर दिया। फिर गंभीर हालत में उसे चुराभंडार स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर भाजपा भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष पलेन घोष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के आपसी गुटबाजी के कारण हत्या हुई है। इस हत्या से भाजपा का कोई लेना देना नहीं है। तृणमूल के मयनागुड़ी ब्लॉक दो के अध्यक्ष शिवशंकर दत्त ने कहा कि भाजपा के हमले में तृणमूल कार्यकर्ता की मौत हुई है। पुलिस ने पूरे मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद से ही इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या के बाद अब राजनीति गर्मा गई है।