विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिक्किम के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, उत्तर बंगाल में बारिश का अलर्ट

Published: Thu, 29 Oct 2026 08:03 PM (IST)

चक्रवात अर्नब के अप्रत्यक्ष प्रभाव से सिक्किम के ऊंचे इलाकों में पहली बर्फबारी हुई है, जबकि उत्तर बंगाल में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

सिक्किम के ऊंचे क्षेत्रों में मौसम की पहली बर्फबारी

सिक्किम के ऊंचे क्षेत्रों में मौसम की पहली बर्फबारी

HighLights

  1. सिक्किम के ऊंचे क्षेत्रों में मौसम की पहली बर्फबारी

  2. चक्रवात अर्नब के प्रभाव से उत्तर बंगाल में बारिश का अलर्ट

  3. 31 अक्टूबर तक खराब मौसम, तापमान में गिरावट जारी

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। चक्रवात अर्णब के अप्रत्यक्ष प्रभाव से गुरुवार सुबह से सिक्किम समेत उत्तर बंगाल के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। सिक्किम के ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में तापमान गिरने के साथ मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई।

उत्तर सिक्किम के कई ऊंचे क्षेत्रों के अलावा पूर्वी सिक्किम के प्रमुख पर्यटन स्थल छांगू, नाथुला, कुपुप और यांगथांग घाटी बर्फ की सफेद चादर से ढक गए।

अचानक हुई बर्फबारी से पर्यटकों में उत्साह है, वहीं दार्जिलंग और सिक्किम पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। चक्रवात का असर सिलीगुड़ी समेत पूरे उत्तर बंगाल में भी देखा जा रहा है। उत्तर बंगाल में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

सिक्किम के ऊंचे क्षेत्रों में मौसम की पहली बर्फबारी

गंगटोक मौसम केंद्र के निदेशक गोपीनाथ राहा के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात और वायुमंडलीय निम्न दबाव के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई है।

इसके प्रभाव से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी व आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की स्थिति बनी है। उन्होंने बताया कि अगले एक-दो दिनों तक तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है।

मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, सिक्किम के माजिटार में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रहा।

गंगटोक में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री, गेजिंग में 11.6 डिग्री और पाक्योंग में 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री और सिलीगुड़ी में अधिकतम 30.7 तथा न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

31 अक्टूबर तक खराब मौसम, तापमान में गिरावट जारी

अलीपुर मौसम कार्यालय के पूर्वानुमान के अनुसार 30 अक्टूबर को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की आशंका है।

इस दौरान सात से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 अक्टूबर तक उत्तर बंगाल में मौसम खराब रह सकता है। हालांकि, एक नवंबर से मौसम में कुछ सुधार होने की संभावना है।