बंगाल: स्कूल में शिक्षक, घर में चल रहा था नशे का कारोबार; दो गिरफ्तार
जलपाईगुड़ी पुलिस ने एक सरकारी शिक्षक के किराये के मकान में चल रही ब्राउन शुगर बनाने की इकाई का भंडाफोड़ किया है।
-1787243874213_m.webp)
एआई की मदद से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
सरकारी शिक्षक के घर ब्राउन शुगर बनाने की यूनिट पकड़ी।
छापेमारी में 8.39 लाख नकद, नकली नोट और कच्चा माल मिला।
शिक्षक रंजीत सिकदार और धीराज महतो को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, जलपाईगुड़ी/नागराकाटा। जलपाईगुड़ी जिला पुलिस की रातभर चली कार्रवाई में एक सरकारी हाई स्कूल के शिक्षक के किराये के मकान में ब्राउन शुगर बनाने का छोटा यूनिट चलने का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि नागराकाटा के छवछड़िया पेट्रोल पंप के पास इस यूनिट पर छापेमारी के दौरान 8 लाख 39 हजार रुपये नकद, कुछ नकली नोट और ब्राउन शुगर बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया गया। इस मामले में शिक्षक रंजीत सिकदार और कूचबिहार के धीराज महतो को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नशे के कारोबार की जानकारी टीईटी एसटीएफ ने जिला पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस ने रंजीत सिकदार की गतिविधियों पर नजर रखी। बुधवार रात जिला पुलिस की एक बड़ी टीम ने उसके किराये के मकान पर छापेमारी की।
इस अभियान में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। पुलिस ने प्रारंभिक तलाशी में बड़ी मात्रा में नकदी और नकली नोट बरामद किए। इसके बाद 46वीं बटालियन एसएसबी को सूचना दी गई, जिसके अधिकारी अपने प्रशिक्षित स्निफर डॉग 'मर्फी' के साथ मौके पर पहुंचे।
मर्फी की मदद से घर के विभिन्न हिस्सों में तलाशी ली गई, जहां 67 ग्राम ब्राउन शुगर बनाने का कच्चा माल और अन्य उपकरण मिले। जिला पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी बीनापाणी ने बताया कि पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गतिविधि के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है। गिरफ्तार आरोपियों को जिला अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
