राजगंज के जूट मिल में भीषण अग्निकांड
शनिवार की दोपहर ढाई बजे राजगंज के पानीकौरी स्थित एक जूट मिल में आग लग गई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी : शनिवार की दोपहर लगभग ढाई बजे राजगंज के पानीकौरी में एक प्राइवेट जूट मिल में भीषण अग्निकांड की घटना घटी। अग्निकांड के दौरान मिल में करीब 150 से भी ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे। आग में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। पहले कर्मचारियों ने ही आग को नियंत्रित करने की कोशिश की। लेकिन देखते ही देखते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। दमकल को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही जलपाईगुड़ी से दमकल का दो इंजन घटनास्थल पर पहुंचा। आग इतनी भीषण थी कि सिलीगुड़ी से भी एक दमकल इंजन को पहुंचना पड़ा। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों का अनुमान है कि आग शॉट सर्किट से लगी है। जूट मिल में अग्निकांड की खबर पाकर राजगंज के विधायक खगेश्वर राय घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंची। जूट मिल संचालन प्रबंधन की ओर से संतोष कुमार महांती ने कहा कि अग्निकांड के दौरान कारखाना में काम चल रहा था। उन्होंने मोटे रकम के नुकसान का दावा किया है। दमकल विभाग के अधिकारी आशीष पुततुंडू ने कहा कि आग को नियंत्रण में लाया गया है। जांच के बाद ही अगलगी का कारण पता चल सकेगा।