तृणमूल कांग्रेस पर दिलीप घोष का तंज, बोले- पार्टी कार्यालय और खाता भी नहीं बचा
जलपाईगुड़ी दौरे पर पहुंचे दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, कहा कि पार्टी का कार्यालय और बैंक खाता भी नहीं बचा है।
-1789837931728_m.webp)
तृणमूल कांग्रेस पर दिलीप घोष का तंज।
HighLights
दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
कहा, तृणमूल का पार्टी कार्यालय और बैंक खाता नहीं बचा।
पिछली सरकार के पंचायत भ्रष्टाचार की जांच की जाएगी।
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। जलपाईगुड़ी दौरे पर पहुंचे राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। समाजपाड़ा में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब यह समझना मुश्किल है कि तृणमूल कांग्रेस में कौन है। उनके अनुसार, पार्टी कार्यालय तक नहीं बचा और बैंक खाता भी बंद हो गया है।
उन्होंने कुणाल घोष को तृणमूल का एकमात्र नेता बताते हुए कटाक्ष किया। दिलीप घोष ने कहा कि पहले जलपाईगुड़ी आने पर उन पर मामले दर्ज होते थे और जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने पर कार्रवाई की जाती थी। उन्होंने दावा किया कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा यहां कुछ सीटों पर मामूली अंतर से पीछे रह गई थी, लेकिन इस बार संगठनात्मक जिले में भाजपा के आठ विधायक जीते हैं।
उन्होंने तृणमूल नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी भाजपा के खिलाफ लगातार बयान देते थे, उनकी वर्तमान स्थिति जनता देख रही है। उपचुनावों में तृणमूल उम्मीदवारों को लेकर भी उन्होंने कटाक्ष किया। इससे पहले मंत्री ने सरोजेंद्र देव रायकेट कला केंद्र में पंचायत विभाग की समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा 80 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने ग्राम्य विकास योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि विकास कार्य अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई है।
दिलीप घोष ने यह भी कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में पंचायतों में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होगी। समाजपाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री शांतनु प्रमाणिक भी मौजूद थे। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा मंडल एक और दो की ओर से किया गया था।
