दो ब्लॉक के हजारों लोगों के यातायात का नाव ही सहारा
- बारिश के मौसम में छात्रों का स्कूल जाना बंद हो जाता है, लोगों ने की ब्रिज बनाने की मां
- बारिश के मौसम में छात्रों का स्कूल जाना बंद हो जाता है, लोगों ने की ब्रिज बनाने की मांग
संवाद सूत्र, धुपगुड़ी: ब्रिज न होने के कारण दो जिले के 2 ब्लॉकों में रहने वाले आम जनता से लेकर छात्रों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से लोगों की समस्याएं बढ़ जाती है। छात्रों का स्कूल जाना बंद हो जाता है। अब लोगों की मांग है कि राज्य की विकास की छाया इस गांव पर ही पड़े। जलपाईगुड़ी जिले के धुपगुड़ी ब्लॉक व अलीपुरद्वार फालाकाटा ब्लॉक के बीच से डुडुआ नदी बहती है। इसी नदी के दोनों किनारे मल्लिकसोभा गांव व फालाकाटा धनीरामपुर एक नंबर और दो नंबर ग्राम है। दोनों ही ब्लॉक के लोगों की सबसे बड़ी समस्या ब्रिज का न होना है। सबसे अधिक समस्या धुपगुड़ी ब्लॉक में पढ़ने आने वाले छात्रों को होती है। किसी के बीमार होने पर धुपगुड़ी व जलपाईगुड़ी अस्पताल ले जाने के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ता है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर नौका भी नहीं चलती है।
फालाकाटा ब्लॉक के धनीरामपुर एक व दो नंबर ग्राम के लोगों को अपने जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिदिन धुपगुड़ी आना पड़ता है। लोग नदी पार करने के लिए नाव पर ही निर्भर रहते हैं। सैकड़ों छात्र-छात्राओं को भी पढ़ने के लिए धुपगुड़ी आना पड़ता है। साथ किसान भी प्रतिदिन सुबह धुपगुड़ी सब्जी बिक्री करने आते हैं। ब्रिज न होने के चलते सभी जान जोखिम में डालकर नाव पर चढ़कर ही नदी पार करते हैं। कई बार नाव पलटने की घटना भी हो चुकी है। लेकिन विकल्प न होने के कारण वापस लोगों को मजबूरन नाव का ही सहारा लेना पड़ता है। बार-बार नेताओं व जन प्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद कोई फायदा नहीं हुआ। लोगों ने जल्द से जल्द एक ब्रिज बनाने की मांग की है।
स्कूल छात्रा सेफाली राय ने कहा कि ब्रिज न होने के चलते वे लोग समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं। बारिश में स्कूल जाना बंद हो जाता है। इसलिये स्थायी ब्रिज की मांग कर रहे हैं। स्थानीय गौतम राय ने कहा कि दो ब्लॉकों की बीच बहने वाली डुडुआ नदी पर ब्रिज न होने के चलते हजारों लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बारिश के समय दोनों ब्लॉक के बीच का संपर्क बिल्कुल टूट जाता है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों को होती है।
धुपगुड़ी की विधायक मिताली राय ने कहा कि ब्रिज न होने से लोगों को समस्या हो रही है। मौके का निरीक्षण किया जा चुका है। जल्द ही कोई आवश्यक कदम उठाया जाएगा।