केंद्र सरकार ने चाय श्रमिकों को दिया धोखा, नहीं खुलवाया एक भी बागान ः अभिषेक बनर्जी
तृणमूल कांग्रेस आगामी 19 जनवरी को कोलकाता में आयोजित ब्रिगेड समावेश की तैयारी में जुटी है। इसी कड़ी में सोमवार को युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक बनर्जी ने फालाकाटा में सभा की।
-
>
- भाजपा दिल्ली से शानोशौकत वाली बस लाकर रथयात्रा निकालने का कर रही बहाना
- तृणमूल कांग्रेस करती है विकास, भाजपा लोगों के बीच कराती है दंगा
- माकपा के शासनकाल में केवल कॉमरेड के घरों का विकास हुआ
जलपाईगुड़ी [जागरण संवाददाता]। युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सह सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपावाले गधे को भी घोड़ा बता सकते हैं। वे कुछ भी कर सकते हैं, सिर्फ जनता का भला नहीं कर सकते। दिल्ली से शानोशौकत वाली बस लेकर रथ यात्रा निकाली जा रही है। बस को रथ बताया जा रहा है। मोदी ने उत्तर बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान डुवार्स के बंद चाय बागानों को खोलने का आश्वासन दिया था। यह एक जुमला साबित हुआ। बागान खोलना तो दूर की बात उन्हें एक बार देखने तक नहीं आए।
वे सोमवार को फालाकाटा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी को वापस गुजरात में ही भेज देना चाहिए। देश की किसी जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को केतली लेकर चाय बेचते नहीं देखा, लेकिन वे खुद अपने आप को चाय वाला बताते फिरते हैं ।
केंद्र सरकार पर हमला
उन्होंने कहा कि मोदी ने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान मदारीहाट में चाय बागानों को खुलवाने की बात कही थी, लेकिन उस दिन से आज तक उन्हें यहां देखा तक नहीं गया। फालाकाटा के साथ पूरे जिले का विकास मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा किया जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस काम में विश्वास रखती है और भाजपा सिर्फ बोलने व जुमला देकर लोगों को धोखा देती है। वर्तमान राज्य सरकार श्रमिक व चाय बागान के हित में काम कर रही है। जय श्री राम का नाम लेकर बंगाल में दंगा, गैस की कीमतों में बढ़ोतरी व नवयुवकों को बेरोजगार बना रही है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सर्वधर्म के लोगों के लिए काम करती है। हुंदू-मुस्लिम व सिख-ईसाई में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता है। तृणमूल कभी धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करती है। इस बार लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने सभी 42 सीटों को जीतने का लक्ष्य रखा है। केंद्र में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हाथों को और मजबूत किया जाएगा।
माकपा पर कसा तंज
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि माकपा के शासनकाल में केवल उनकी पार्टी की लोकल व जोनल कमेटी के सदस्यों के घर में विकास होता था। किसानों व गरीबों का हक छीना गया। सिर्फ कामरेड पर ध्यान दिया जाता था। आज वही लोग सिर्फ लाल रंग के बदले गेरुआ रंग पहनकर भाजपाई बन गए हैं और बंगाल को अशांत करने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं पर हमला
सभा के दौरान अभिषेक बनर्जी ने मुकुल रॉय व दिलीप घोष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा के अध्यक्ष और नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हुए मारने-काटने की बात करते हैं। तृणमूल के लोग इस प्रकार की बातों में विश्वास नहीं करते हैं। भाजपा नेताओं को सिर्फ गद्दी की चिंता है। भाजपा के प्रदेश नेताओं के पास कोई तर्क नहीं होने पर निजी हमला करते हैं। ममता बनर्जी जनता व गरीबों के हक और अधिकार लिए जान देने के हमेशा तैयार रहती हैं।
ब्रिगेड समावेस की तैयारी
अभिषेक बनर्जी ने बिग्रेड जनसभा को लेकर कहा कि इस बार की तैयारी पिछले वर्षों से बिल्कुल अलग है। यहां से ममता बनर्जी सांप्रदायिक पार्टी भाजपा को दिल्ली से हटाने का निर्देश देंगी। वर्तमान समय में ममता बनर्जी केवल राज्य की नहीं, बल्कि पूरे देश की नेता बनकर उभरी हैं। 19 जनवरी की ब्रिगेड सभा में दूसरे पार्टी के केंद्रीय नेता, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
इस सभा में मंत्री अरूप विश्वास, एसजेडीए चेयरमैन व विधायक सौरभ चक्रवर्ती, जलपाईगुड़ी जिला के युवा अध्यक्ष सैकत चटर्जी, अलीपुरद्वार जिला के युवा अध्यक्ष समर भट्टाचार्य के साथ विधायक व हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।