राज्य सरकार चाय श्रमिकों को देगी घर
- राज्य सरकार के बजट में चाय सुंदरी योजना की घोषणा घर निर्माण के लिए 500 करोड़ आवंटित
- राज्य सरकार के बजट में चाय सुंदरी योजना की घोषणा, घर निर्माण के लिए 500 करोड़ आवंटित जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी: उत्तर बंगाल के श्रमिकों का दिल जीतने के लिए राज्य सरकार ने चाय श्रमिकों के लिए पैकेज की घोषणा की। सोमवार को बजट के दौरान चाय सुंदरी योजना का ऐलान किया गया। इसके तहत राज्य सरकार चाय श्रमिकों के लिए घर बना देगी। उक्त घोषणा सुनने के बाद श्रमिकों में काफी खुशी का माहौल देखा गया। बजट के दौरान श्रमिकों का घर बनाने के लिए 500 करोड़ आवंटित किया जाएगा। फिलहाल सभी चाय श्रमिकों के पास घर नहीं है। अब सरकारी की इस घोषणा से चाय श्रमिकों में नई उम्मीदें जगी है।
चाय श्रमिक इलियास आलम, बितना मिंज ने कहा ये खुशी की बात है कि राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के लिए घर निर्माण कराया जाएगा। लेकिन घर कब और कैसे मिलेगा, इसकी जानकारी नहीं है। डेंगुआझाड़ चाय बागान के श्रमिक मिलफिरिज उरांव, पुतुल राय, अमित उरांव ने कहा घर देने की घोषणा से श्रमिकों में खुशी का माहौल है। कई श्रमिकों का घर नहीं है। कई श्रमिक टूटे घर में रहने को मजबूर हैं। अगर सरकार घर बनाकर देती है तो काफी लाभ होगा। सरकार श्रमिकों के लिए सोच रही है।