तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों में मारपीट से तनाव
जागरण संवाददाता दुर्गापुर दुर्गापुर शहर के 15 नंबर वार्ड अंतर्गत बेनाचिति गोसाईंनगर में द
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर : दुर्गापुर शहर के 15 नंबर वार्ड अंतर्गत बेनाचिति गोसाईंनगर में दो पाड़ा के विवाद ने राजनीतिक रूप ले लिया एवं तृणमूल कांग्रेस के दो गुट आमने-सामने हो गए। मारपीट में दोनों गुट के पांच लोगों को चोट आयी। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। दोनों ही पक्ष ने मारपीट व बमबाजी का आरोप लगाया है।
रविवार की रात इलाके के एक क्लब के पास दो पक्ष में विवाद हुआ। जहां तृणमूल में शामिल नए लोगों पर मारपीट शुरु कर दी गई। जिसमें दोनों गुट के पांच लोगों को चोट आयी। इस दौरान बमबाजी भी हुई। तृणमूल कार्यकर्ता गौरांग बागदी ने कहा कि चुनाव के पहले जो लोग भाजपा में गए थे, अब वे फिर से तृणमूल में लौटने की कोशिश कर रहे है। उनलोगों ने बम भी छोड़ा। वहीं शांतनु राय नामक एक तृणमूल कार्यकर्ता ने कहा कि हमलोग आरंभ से ही तृणमूल कांग्रेस के साथ है। विधानसभा चुनाव में बूथ एजेंट भी थे। अब कुछ लोग हमलोगों के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट कर रहे है, इलाके में बमबाजी कर रहे है।
इस संदर्भ में तृणमूल कांग्रेस के संयोजक मृगेंद्र नाथ पाल ने कहा कि पूरी जानकारी संगठन के नेताओं को दी गई है। वहीं तृणमूल के आपसी विवाद पर भाजपा ने भी चुटकी ली है। भाजपा के विधायक लखन घोरूई ने कहा कि नगरनिगम का चुनाव जितना नजदीक आ रहा है, उसी तरह इन लोगों का आपसी विवाद भी सामने आ रहा है। इसके बाद किसे टिकट नहीं मिल रहा है, उसका विवाद शुरु होगा।