टीएमसी जिला नेत्री माला माजी का बनाया फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र
फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनाया
टीएमसी जिला नेत्री माला माजी का बनाया फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र
कुल्टी : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की जिला नेत्री माला माजी के रिश्तेदारों ने उनके पति की संपत्ति हड़पने के लिए माला माजी को फर्जी प्रमाणपत्र के माध्यम से मृत घोषित कर दिया। टीएमसी के शासन में पार्टी की ही एक नेत्री के जीवित रहते उसका फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनाए जाने के इस मामले से सनसनी है।
माला माजी के अनुसार उनके पति कमल चंद्र माजी की मृत्यु सितंबर 2021 में हो गई। इसके बाद उनकी ननद एवं भांजा ने संपत्ति हड़पने के लिए पति के साथ उनको भी मृत घोषित कर नकली प्रमाणपत्र निकाल लिया ताकि उनकी पति की संपत्ति को ले सके। उनका एक लड़का एवं एक लड़की है। लड़का उनके पास रहता है जबकि बेटी ननद के पास रहती है। पति के संपत्ति पर उनका व उनके बेटे-बेटी का अधिकार है ।
माला माजी ने बताया कि उनके पति कमल चंद्र माजी ईसीएल कर्मी थे। घरेलू विवाद के कारण वह पति से अलग कुल्टी में अपने बेटे के साथ रहती थी। इसी बीच सितंबर 2021 में उनके पति का देहांत हो गया। इसके बाद से पति की संपत्ति को हड़पने का कुचक्र चल रहा है। माला माजी ने आरोप लगाया कि उनके जीवित रहते उन्हें मृत घोषित करने की जांच होनी चाहिए। इसके लिए वह न्यायालय में मामला दर्ज कराएगी। इसके साथ इसकी शिकायत टीएमसी के जिला नेतृत्व के साथ कानून मंत्री मलय घटक से करेंगी और न्याय की गुहार लगाएंगी।