यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 23, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
वन विभाग की टीम ने पेड़ कटाई की जांच की
संवाद सहयोगी बेनाचिति दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) की खाली जमीन को काफी समय से प्रति कट्ठ

संवाद सहयोगी, बेनाचिति : दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) की खाली जमीन को काफी समय से प्रति कट्ठा एक से डेढ़ लाख रुपये कीमत पर भू-माफिया बेचते आ रहे है। अब भू-माफियाओं की नजर जिस जमीन पर पेड़ लगे है, वहां है। यही वजह है कि अवैध ढंग से वर्षों पुराने पेड़ों को काटा जा रहा है। अवैध ढंग से पेड़ कटाई की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंची एवं जांच की।
वन विभाग के उखड़ा रेंज के अधिकारी सुदीप कुमार बनर्जी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम आमराई गांव से सटे ऋषि अरविद नगर में पहुंची। जहां कुछ दिन पहले अवैध ढंग से पेड़ कटाई का मामला सामने आया था। टीम ने पूरे जंगल को घूम कर देखा। अधिकारियों ने देखा कि यहां पांच-छह बड़े पुराने पेड़ों को काट दिया गया है। वहीं भू-माफियाओं ने काटे गए पेड़ पर काला रंग भी लगा दिया है, ताकि पता न चले कि यहां पेड़ काटा गया है। टीम ने स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। लोगों ने बताया कि रात के अंधेरे में कई दिनों से पेड़ की कटाई की जा रही है। पेड़ कटने के बाद जमीन का प्लाट बनाकर वे लोग बिक्री करेंगे। ऐसे जमीन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। समाजसेवी सुमो सेन नामक महिला ने बताया कि पेड़ काटना पूरी तरह गलत है। यहां एक तालाब भी है, जहां छठ पूजा होती है। हमलोग प्रशासन के साथ-साथ दुर्गापुर स्टील प्लांट प्रबंधन को भी पत्र देंगे। वन विभाग की टीम ने आमराई गांव स्थित लकड़ी मिल में भी जांच की।
