पहले दिन से एक्शन में दुर्गापुर पुलिस
जागरण संवाददाता दुर्गापुर आज से बंगाल में पूर्ण लॉकडाउन लागू हुआ। पहले दिन से ही दुगा
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर :
आज से बंगाल में पूर्ण लॉकडाउन लागू हुआ। पहले दिन से ही दुर्गापुर में पुलिस एक्शन में दिखी। निर्धारित समय दस बजे के बाद खुली दुकानों को बंद करवाया एवं सड़कों पर बेवजह निकले वाहनों को धमकाया। पुलिस ने सभी से दो टूक कहा आज हिदायत दी गई है, कल से कार्रवाई होगी। सभी को सरकारी आदेश का पालन करना होगा। कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।
सिटी सेंटर डेली मार्केट में सुबह दस बजने में पांच मिनट कम था, तभी दुकान बंद करने की तत्परता शुरू हो गई। पल भर में दुकानों का दरवाजा बंद हो गया। सब्जी विक्रेता एक-दो लोगों को छोड़कर समय से सभी दुकानदार घर के लिए रवाना भी होने लगे। हालांकि बाजार के मुर्गी दुकानों में उस समय भीड़ थी। लेकिन धीरे-धीरे वहां भी भीड़ कम होने लगी एवं लगभग साढ़े दस बजे तक बाजार में सन्नाटा पसर गया। हालांकि बाजार में शारीरिक दूरी का पालन किया गया।
बेनाचिति बाजार में लॉकडाउन के पहले दिन भी हैरान करने वाली तस्वीर देखने को मिले। सुबह 7 से 10 बजे तक बाजार खुलने का समय है। इस अवधि में बाजार में काफी भीड़ थी। कोई शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। सुबह दस बजे के बाद भी अधिकांश दुकानें खुली थी एवं लोगों की भीड़ थी। मछली बाजार से लेकर सब्जी बाजार सभी जगह एक जैसी स्थिति थी। कोई भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहा था। दस बजे के बाद दुर्गापुर दो नंबर बोरो चेयरमैन रमा प्रसाद हलदार बाजार में निकलें एवं लोगों को नियम की जानकारी दी। हर दुकान में जाकर लोगों से सुबह 10 बजे दुकान बंद करने का आवेदन किया। वहीं दुर्गापुर पुलिस भी सड़क पर उतरी। थाना प्रभारी राजेशखर मुखर्जी ने पूरे बाजार का दौरा किया। जो दुकानें खुली थी, उसे बल पूर्वक बंद करवाया गया। रास्ता के किनारे खड़ी 15 बाइक, तीन गाड़ी एवं दो छोटा ट्रक को जब्त किया गया। सड़कों से गुजरने वाले वाहन चालकों को रोक कर सतर्क किया गया। कल से नियम तोड़ने पर कार्रवाई की धमकी वाहन चालकों, दुकानदारों को दी गई।
एमएएमसी मामरा बाजार में नियम के अनुसार दुकान खुलीं। सुबह दस बजे के बाद कपड़े एवं सोना की दुकानें खुली। जबकि अन्य दुकानें बंद थी। बाजार में नारायण चंद्र साहा का छापाखाना है। उन्होंने कहा कि बाजार की सभी दुकानों को अलग-अलग समय में खोला गया। लेकिन हमलोगों को अनुमति नहीं मिली है। ऐसे ही पंद्रह दिन बंद रहने से हमलोगों को काफी समस्या होगी।
दुर्गापुर स्टेशन बाजार एवं सेन मार्केट की भी यही स्थिति रही। सुबह से बाजार खुली, जहां शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया गया। अधिकांश लोग मास्क लगाए हुए थे, लेकिन कुछ बिना मास्क के भी थे। दस बजे के बाद बाजार में सन्नाटा पसरने लगे। बाजार में दुकानें भी कुछ खुली थी। लेकिन कोकोवेन थाना प्रभारी सौमेंद्रनाथ ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस सड़क पर उतरी। जो दुकानें खुली थी, उसे बंद करवाया। बाजार में जो लोग थे, उसे भी घर भेजा। वहीं लोगों को हिदायत दी गई। हालांकि सड़कों पर लोगों की भीड़ नहीं देखने को मिली। बहुत ही कम लोग घरों से बाहर निकले।