बर्द्धमान में तृकां कमेटी में कई को मिली नई जिम्मेदारी
बर्द्धमान विधानसभा चुनाव डेढ़ वर्ष बाद होना है। इसके लिए अब से ही तृणमूल कांग्रेस (तृकां) तैय
बर्द्धमान : विधानसभा चुनाव डेढ़ वर्ष बाद होना है। इसके लिए अब से ही तृणमूल कांग्रेस (तृकां) तैयारी में जुट गई है। इस कारण तृकां कमेटी भी फेर बदल किया जा रहा है। पूर्व बर्द्धमान जिले के संगठन की मजबूती के लिए तृकां ने कदम उठाया है। इसमें कई लोगों को नई जिम्मेदारी दी गई है।
बर्द्धमान दो नंबर ब्लॉक अध्यक्ष श्यामल दत्त को हटाकर ब्लॉक अध्यक्ष का दायित्व बर्द्धमान उत्तर के विधायक निशीथ मालिक को दिया गया है। इसके अलावा महिला कांग्रेस का अध्यक्ष भी बदला गया है। पहले तृष्णा सरकार जिला महिला संगठन की अध्यक्ष थी, उनकी जगह पूर्व पार्षद व अध्यापिका शिखा दत्ता सेनगुप्ता को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। शिखा दत्ता ने कहा कि महिला संगठन को और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री महिलाओं के लिए कई योजना चला रही है। ऐसे में महिलाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा एवं केंद्र सरकार के जनविरोधी नीतियों से लोगों को अवगत करवाया जाएगा। निशीथ मालिक ने भी संगठन की मजबूती पर जोर एवं केंद्र के खिलाफ आंदोलन की बात कही। तृकां जिलाध्यक्ष सह मंत्री स्वपन देवनाथ ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कुछ फेरबदल किया गया है। सभी को तृकां के सैनिक के रूप में काम करना होगा।