स्वच्छता का संदेश दे रहीं एनआरआई संगीता
बोकारो : क्लीन इंडिया ट्रेल अभियान के तहत अप्रवासी भारतीय संगीता श्रीधर पूरे देश का भ्रमण कर
बोकारो : क्लीन इंडिया ट्रेल अभियान के तहत अप्रवासी भारतीय संगीता श्रीधर पूरे देश का भ्रमण कर रही हैं। वे शनिवार को बोकारो पहुंचीं। यहां बीएसएल सीएसआर विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। ओमान में 20 वर्ष व्यतीत करनेवाली संगीता को अपने देश से बेहद लगाव है। पूर्व आइएफएस संगीता महात्मा गांधी की 150 जयंती के परिप्रेक्ष्य में देश के विभिन्न शहरों का भ्रमण कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दे रही हैं। देश कितना स्वच्छ है, यहां महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं एवं लोग सड़क सुरक्षा को लेकर कितने जागरुक हैं, यह देखने के लिए वे अपनी कार से अकेले की यात्रा कर रही हैं। उन्होंने आज ट्रेनीज होस्टल के बिरहोर बाल निवास में रहने वाले बच्चों से मुलाकात की और इन्हें अभियान की पूरी जानकारी दी।
उन्होंने बिरहोर बच्चों को देशप्रेम का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त 2018 से मुम्बई से यात्रा शुरु की। वे 350 से अधिक शहरों की यात्रा कर चुकी हैं। लगभग 32 हजार किमी यात्रा कर बोकारो पहुंची हैं।
यूएनओ, पीएमओ व डब्ल्यूएचओ को सौपेंगे रिपोर्ट
संगीता ने बताया कि वे स्वच्छता का डाटा तैयार कर रही हैं। यात्रा पूरी करने के बाद वे स्वच्छता से संबंधित रिपोर्ट यूएनओ, पीएमओ व डब््ल्यूएचओ को सौंपेगी। स्थानीय लोग से बात करके उस शहर के टूरिस्ट स्थल की जानकारी हासिल करती हैं। उनका भ्रमण करती हैं और इसके संबंध में रिपोर्ट व डाटा तैयार करती हैं।
हाइटेक है उनका वाहन
संगीता श्रीधर का वाहन हाइटेक है। गाड़ी की छत पर सोलर पैनल है। इसके माध्यम से फ्रिज, पंखा व बत्ती जलती है। इसमें कई तरह के इलेक्ट्रानिक डिवाइस हैं। गाड़ी में पीछे की सीट निकाल कर लकड़ी का बेड बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वे बिना बैनर के यात्रा कर रही हैं। इस दौरान वे इसका ध्यान रखती हैं कि पर्यावरण को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे। उनकी यात्रा फरवरी 2019 में पूरी होगी।