जय बालाजी कारखाना मेंश्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा
दुर्गापुर शहर के कोकोवेन थानांतर्गत सारगभांगा स्थित जय बालाजी कारखाना में प्रबंधन एवं श्रमिक
दुर्गापुर : शहर के कोकोवेन थानांतर्गत सारगभांगा स्थित जय बालाजी कारखाना में प्रबंधन एवं श्रमिकों के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। श्रमिकों ने प्रबंधन के रवैये से तंग आकर मोर्चा खोल दिया है एवं लगातार दो दिन से आंदोलन कर रहें है। समस्या दूर न होने पर जोरदार आंदोलन की धमकी भी श्रमिक दे रहें है। बुधवार प्रबंधन ने पुलिस के साथ बैठक में भी समस्या दूर करने के बजाय बैठक के लिए फिर से समय ले लिया।
जल बालाजी कारखाना द्वारा इन दिनों कई श्रमिकों को निलंबित कर दिया है। जिसके खिलाफ मंगलवार को श्रमिकों ने कारखाना के समक्ष प्रदर्शन किया एवं निलंबन हटाने की मांग की। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि स्थानीय युवकों को काम से हटाकर बाहरी लोगों को काम पर रखा जा रहा है। वहीं श्रमिकों को पीएफ एवं ईएसआइ की सुविधा नहीं मिलती है। वहीं कारखाना द्वारा प्रदूषण फैलाने का भी आरोप श्रमिकों ने लगाया। मंगलवार को आंदोलन के दौरान पुलिस पहुंची, जिसके बाद तय हुआ कि बुधवार को त्रिपक्षीय बैठक कर समस्या का समाधान किया जाएगा। लेकिन जब बुधवार सुबह श्रमिक कारखाना में पहुंचे तो गेट पर ताला बंद था। जहां श्रमिकों ने फिर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोपहर एक बजे पुलिस निलंबित श्रमिकों की सूची लेकर अधिकारियों के साथ बात करने के लिए गई तो स्थानीय अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों से बातचीत के लिए समय मांग लिया। जिससे पुलिस के साथ भी बैठक नहीं हो सकी। जिसकी जानकारी मिलने पर श्रमिकों में और आक्रोश देखने को मिला। श्रमिकों ने कहा कि हमारा आंदोलन जारी रहेगा। हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो आनेवाले समय में और जोरदार तरीके से आंदोलन किया जाएगा।