हरियाली तीज पर की गई सुहाग के दीर्घायु होने की कामना
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : हरियाली तीज के मौके पर महिलाओं ने भगवान शिव और पार्वती की
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : हरियाली तीज के मौके पर महिलाओं ने भगवान शिव और पार्वती की पूजा पूरे विधि-विधान के साथ कर सुहाग के दीर्घायु होने की कामना की। इस मौके पर शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में महिलाओं की भीड़ रही। इतना ही नहीं इस मौके पर महिलाओं ने विशेष श्रृंगार कर रखा था। नाना प्रकार के पकवान घर में बनाए गये थे। बेटियों को विशेष तौर पर मायके में बुलाया गया। परिवार के बड़ों द्वारा बहू-बेटियों को उपहार इत्यादि दिये गए। तीज उत्सव को लेकर दिन घरों में चहल-पहल बनी रही। मारवाड़ी समाज में हरियाली तीज का विशेष महत्व होता है। जिनकी सगाई या विवाह के उपरांत पहली तीज थी, उनके ससुराल वालों की तरफ से तोहफे इत्यादि दिये गए। कई महिलाओं ने खूबसूरत दिखने के लिए ब्यूटी पार्लर का सहारा लिया। मारवाड़ी समाज में बेटियों के यहां मिठाई और उपहार भेजने की परंपरा है, जिसका पालन अब भी किया जाता है। इसी कड़ी में बीते सोमवार को सिंधारा रस्म का पालन किया गया था।