डेंगू मुक्त सिलीगुड़ी की अपील, निकाली पदयात्रा
-मच्छर जनित रोगों से रहें सचेत दिया जागरूकता का पैगाम -आम लोगों से क
फोटो : संजय 04 -मच्छर जनित रोगों से रहें सचेत, दिया जागरूकता का पैगाम
-आम लोगों से की अपील, रखें साफ-सफाई का पूरा ख्याल जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी :
डेंगू मुक्त सिलीगुड़ी बनाने की अपील को लेकर आम जन जागरूकता के उद्देश्य से सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा गुरुवार को शहर में सजगता रैली रूपी पदयात्रा निकाली गई। बाघाजतीन पार्क से निकली इस पदयात्रा में शामिल लोगों विशेष कर विद्यार्थियों व स्वास्थ्य कर्मियों ने बैनर, पोस्टर व प्ले कार्ड प्रदर्शित करते हुए आम लोगों से अपील की कि वे मच्छरजनित रोगों मलेरिया, डेंगू, इंसेफेलाइटिस आदि से सचेत रहें। ये रोग जानलेवा भी सिद्ध हो सकते हैं।
इस पदयात्रा में शामिल मेयर अशोक भट्टाचार्य ने कहा कि शहर में डेंगू का प्रकोप हर साल उत्पन्न हो जाता है। इसके उन्मूलन के लिए नगर निगम की ओर से हर आवश्यक उपाय किए गए व जा रहे हैं। नगर निगम के सफाई कर्मी नियमित रूप में हर वार्ड में सड़कों-नालों की सफाई कर रहे हैं। जलजमाव को दूर किया जा रहा है। जगह-जगह मच्छरनाशक रसायनों का छिड़काव किया जाता है। डेंगू नियंत्रण की विशेष निगरानी भी की जाती है। इसके साथ ही नगर निगम के स्वास्थ्य कर्मी घर-घर में जा कर लोगों के बीच सजगता फैलाते रहते हैं।
वहीं, जगह-जगह शिविर लगा कर लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की जाती है। बरसात के समय डेंगू से निपटने को सिटीजेन टास्क फोर्स भी गठित किया गया। पर, इन सबके बावजूद आम जन जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। उसके बिना डेंगू मुक्त सिलीगुड़ी का सपना साकार नहीं हो सकता।
उन्होंने अपील की कि आम लोग भी अपने घर व आसपास सफाई का पूरा ख्याल रखें, कहीं भी जल जमाव न होने दें, मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए हरसंभव मच्छरनाशक उपायों का उपयोग करें। शहर में अब और डेंगू या अन्य मच्छरजनित रोग न पनपे इसके प्रति नगर निगम गंभीर है। इस दिशा में आम सजगता भी बहुत जरूरी है। इस पदयात्रा में सैकड़ों लोग सम्मिलित हुए।