केंद्रीय मंत्री केजे अल्फोंस ने सिक्किम में की भारत के मन की बात
केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) केजे अल्फोंस फरवरी में दूसरी बार सिक्किम दौरे पर गत दिवस गुरुवार को पहुंचे।
गंगटोक [जागरण संवाददाता]। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) केजे अल्फोंस फरवरी में दूसरी बार सिक्किम दौरे पर गत दिवस गुरुवार को पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्वी सिक्किम के पाकिम स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित 'भारत के मन की बात' को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया।
इस क्रम में उन्होंने भाजपा सरकार की पांच साल की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पांच साल में हर तबके का विकास हुआ है। सबका साथ, सबका विकास की पीएम की नीति सही मायने में क्रियान्वित की गई। कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार की जनोपयोगी योजनाओं की भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में सिक्किम का विकास हुआ। विकास की वजह से सिक्किम आज मॉडल स्टेट के रूप में सामने है। कहा कि सिक्किम में स्वच्छ भारत अभियान एवं पर्यावरणमुखी कार्यक्रम सही अर्थ में लागू किया गया है। इसका जिक्र उन्होंने संसदीय कार्रवाई में भी किया था। उन्होंने राज्य में पर्यटन विकास के लिए मंत्रालय की ओर से हर संभव मदद देने की प्रतिबद्धता जताई।