ढाई वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, आरोपित किशोर फरार
अपने घर पहुंचने के बाद बच्ची अपने माता-पिता को देख रोने लगी।
दार्जिलिंग, जागरण संवाददाता। दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थानांतर्गत काठपोल इलाके में ढाई वर्षीय एक बच्ची से दुष्कर्म की घटना प्रकाश में आई है। पीड़िता के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि घटना के बाद से ही 17 वर्षीय आरोपित फरार है। उसका नाम संजीव मंडल है। पुलिस आरोपित के पिता रबिन मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर संजीव का पता लगाने में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक काठपोल निवासी पीड़िता के घर के पास ही आरोपित संजीव भी रहता है। पड़ोसी होने के कारण बच्ची और आरोपित के साथ ही उनके परिजनों का एक दूसरे के घर आना जाना था। गत शनिवार की दोपहर भी वह बच्ची के घर पहुंचा था। वहां बच्ची को चॉकलेट खिलाने का प्रलोभन दिखा कर अपने घर ले गया। वहां कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद वापस घर लाकर भी छोड़ गया। अपने घर पहुंचने के बाद बच्ची अपने माता-पिता को देख रोने लगी।
कारण पूछने पर उसने अपने साथ घटी पूरी घटना बता दी। यह सुन जब बच्ची की मां किशोर से उसकी हरकत पूछने उसके घर पहुंची तो वहां उसके साथ बदसलूकी की गई। इसके बाद वह अपने घर लौट कर बच्ची को कैनिंग महकमा अस्पताल ले गई। चिकित्सक ने बच्ची की हालत देख जोर जबरदस्ती किए जाने की पुष्टि की। इस खबर के बाद इलाके में तनाव फैल गया। खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई। वहीं आरोपित के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पर घटना के बाद से संजीव को फरार देख पुलिस ने रात में उसके पिता को हिरासत में ले लिया।