सौतेली मां की मारपीट के कारण घर से निकली किशोरी को बेचने की कोशिश
किशोरी को पांच दिनों तक बंधक बना कर रखा गया। इस दौरान उसे बेचने की कोशिश की गई। कथित रुप से दुष्कर्म की कोशिश भी की गई।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थानांतर्गत तालदी में नौकरी का प्रलोभन दिखा कर एक किशोरी को बेचने की कोशिश का मामला सामने आया है। वह नदिया जिले के चापला थानांतर्गत पारुईगाछी गांव की रहने वाली है।
उसे कैनिंग महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस उसे बेचने की कोशिश करने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक पारुईगाछी की रहने वाली किशोरी अपनी सौतेली मां के साथ रहती थी। पर वह उस पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार करती थी।
एक दिन सौतली मां ने मारपीट कर कुछ दिन पहले उसे घर से बाहर निकाल दिया था। इधर-उधर भटकने के बाद वह ट्रेन पकड़ कर सियालदह पहुंची थी। वहीं, उसकी मुलाकात आरोपित से हुई थी। किशोरी से उक्त व्यक्ति से अपने उपर हुए अत्याचार की पूरी बात बताई। इसके बाद वो नौकरी दिला देने का भरोसा देकर अपने साथ कैनिंग थाने के तालदी इलाके में स्थित एक मकान में ले गया।
आरोप है कि वहीं उसने किशोरी को पांच दिनों तक बंधक बना कर रखा गया। इस दौरान उसे बेचने की कोशिश की गई। किशोरी ने जब घर लौटने की बात कही, तो उसके साथ मारपीट की गई। कथित रुप से दुष्कर्म की कोशिश भी की गई।
गत शनिवार की रात नौ बचे किशोरी किसी तरह वहां से भाग निकली। उसने जनकल्याण मोड़ पर पहुंच कर वहां से गुजरने वाले लोगों से मदद मांगी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची और किशोरी को बरामद कर थाने ले गई। किशोरी की शारीरिक स्थिति खराब देख उसे कैनिंग महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।