सावधान, सिक्किम व दार्जीलिंग में आज और कल हो सकता है हिमपात
सावधान, दार्जिलिंग एवं सिक्किम के उपरी इलाके में आज गुरुवार और कल शुक्रवार को हिमपात (स्नो फाल) यानी बर्फबारी हो सकती है। ऐसी संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
-
>
- संदकफू, सीमाना, उत्तरी सिक्किम के विभिन्न इलाकों में हिमपात की संभावना
- सर्द हवा से बढ़ी कनकनी से लोगों का जीना हुआ मुश्किल
- अगले एक सप्ताह तक दार्जिलिंग का 3-4 एवं सिक्किम का 5-6 डिग्री सेल्सियस तापमान होगा
दार्जिलिंग/सिक्किम [जेएनएन]। सावधान, दार्जिलिंग एवं सिक्किम के उपरी इलाके में आज गुरुवार और कल शुक्रवार को हिमपात (स्नो फाल) यानी बर्फबारी हो सकती है। ऐसी संभावना मौसम विभाग के सिक्किम प्रभारी गोपानाथ साहा ने जताई है।
साहा ने दूरभाष पर दैनिक जागरण को बताया कि अगले एक सप्ताह तक सिक्किम से लेकर दार्जिलिंग तक में तापमान में लगातार गिरावट रहेगी। अगले दो दिन तक सिक्किम से लेकर दार्जिलिंग के उपर हिस्से में फिर से बर्फबारी होगी। उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग में अगले एक सप्ताह तक 3-4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहेगा। सिक्किम में 5-6 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहेगा।
उन्होंने बताया कि दिसंबर के अंतिम में जहां-जहां बर्फबारी हुई थी, फिर से इन सब इलाकों मे बर्फबारी की संभावना है। गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों से हिल्स इलाके में तेज व सर्द हवा के साथ ठंड का कहर जारी है। प्रतिदिन तापमान लुढकता जा रहा है। गत 18 दिसंबर को दार्जिलिंग के संदकफू, सीमाना, उत्तर सिक्किम के ल्हाचेन, ल्हाचुंग व भारत चीन सीमावर्ती इलाके, छांगू झील, सेरेथांग, बाबा हरभजन मंदिर, नाथुला आदि स्थानों काफी बर्फबारी हुई थी। कई जगहों पर बारिश भी हुई। इसके साथ दार्जिलिंग का तापमान साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गत 28 दिसंबर को हुई फिर से बर्फबारी ने कई वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया था। दार्जिलिंग, मिरिक, कर्सियांग व कालिम्पोंग शहर के आसपास बर्फबारी हुई। दार्जिलिंग शहर के आसपास हुई बर्फबारी में पिछले 11 वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया था।
एक ओर जहां स्थानीय लोग कड़ाके की ठंड परेशान थे। वही पर्यटक हिमपात का नजारा ले रहे थे। कालिम्पोंग के लोगों ने भी कई वर्षों के बाद बर्फबारी का आनंद लिया। गत शुक्रवार को सिक्किम में हुई भारी बर्फबारी से भारत-नाथुला सीमा के पास हजारों की संख्या में पर्यटक से लेकर वाहन फंस गए थे। सेना की मदद से 2500 से अधिक पर्यटकों एवं 500 से अधिक वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। नॉर्थ सिक्किम व साउथ सिक्किम में कई स्थानों पर भारी बर्फपात हुई थी। मकान, सड़क, पहाड़, पेड़ आदि सब बर्फ से ढक गए। लाचुंग, नाथुला, रावंगला, सोनादा, लावा, लाचेन में भारी बर्फबारी हुई थी।