कोलकाता में बस से टकराकर तीन लोगों की मौत, बाबू घाट पर दुर्गा मूर्ति विसर्जन के बाद एक शव बरामद
मध्य कोलकाता के सियालदह फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। आज गुरुवार सुबह बाबू घाट से एक शव बरामद किया गया है। प्रतिमा विसर्जन के दौरान ही डूबने से उसकी मौत की आशंका है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। मध्य कोलकाता के सियालदह फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा बुधवार रात तब हुआ, जब एक वाहन ने फ्लाईओवर पर कुछ लोगों को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन को कब्जे में लिया गया है। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य ने सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारण का पता लगाया जा रहा है।
कोलकाता के बाबू घाट पर विसर्जन के बाद नदी से शव बरामद
दूसरी ओर कोलकाता के बाबू घाट में बुधवार रात हुए विसर्जन के बाद गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। दावा किया जा रहा है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान ही डूबने से उसकी मौत हुई है। हालांकि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उसकी अनुमानित आयु 45 साल है। वेस्टपोर्ट थाना पुलिस सूत्रों ने बताया है कि प्रतिमा विसर्जन के बाद गुरुवार को जब मूर्ति के हिस्से को नदी से हटाया जा रहा था तब उसी में एक व्यक्ति का शव फंसा हुआ था। विसर्जन के दौरान उसकी मौत हुई है या शव नदी में बह कर आय़ा था, इसकी जांच की जा रही है। मृतक की शिनाख्त के लिये उसकी तस्वीर सभी थानों को भेजा गया है।
बताते चलें कि बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मालबाजार स्थित माल नदी में बुधवार की रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। अचानक माल नदी का जलस्तर बढ़ने से कई लोग नदी में बह गए। 70 लोगों को उद्धार किया गया है। लगभग 50 अभी भी लापता हैं। विसर्जन के दौरान हजारों की संख्या में लोग नदी किनारे खड़े थे, तभी यह हादसा हो गया। मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। राहत कार्य जारी है। लेकिन पहाड़ से तेज गति से जल के बहाव के कारण लोगों को बाहर निकालने में काफी समस्या हो रही है। केंद्र तथा राज्य सरकार की तरफ से मृतकों के स्वजनों को आर्थिक मदद की घोषणा की गई है। वहीं दूसरी ओर मुर्शिदाबाद में प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई।