देश के टॉप-10 पुलिस स्टेशनों में पूर्वी सिक्किम का पाक्योंग, सिक्किम पुलिस के लिए यह महान उपलब्धि है
केंद्र द्वारा निर्धारित किए गए मानकों में खरा साबित हुआ पुलिस स्टेशन। कोरोना संक्रमण के दौर में हुआ सर्वेक्षण। वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्देश दिया था कि फीडबैक के आधार पर पुलिस स्टेशनों की ग्रेडिंग और प्रदर्शन का आकलन करने के लिए मापदंडों को निर्धारित करना चाहिए।
रंगपो, संवाद सूत्र: केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी की गई देश के टॉप-10 पुलिस स्टेशनों की सूची में पूर्वी सिक्किम का पाक्योंग पुलिस स्टेशन जगह बनाने में सफल रहा है। वर्ष 2015 में कच्छ, गुजरात में पुलिस महानिदेशकों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्देश दिया था कि फीडबैक के आधार पर पुलिस स्टेशनों की ग्रेडिंग और उनके प्रदर्शन का आकलन करने के लिए मापदंडों को निर्धारित किया जाना चाहिए।
पूर्वी सिक्किम के पाक्योंग ने भी उपस्थिति की दर्ज
गृह मंत्रालय द्वारा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशनों के लिए इस वर्ष सर्वेक्षण कराया गया था। केंद्र सरकार द्वारा तय किए गए मानकों में खरे साबित होने वाले चुनिंदा पुलिस स्टेशनों में पूर्वी सिक्किम का पाक्योंग ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
सर्वेक्षण सरकार के दिशा निर्देशों के तहत ही किया
सिक्किम पुलिस के लिए महान उपलब्धि है। कोरोना संक्रमण की तमाम बंदियों के कारण दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित पुलिस स्टेशनों तक पहुंचना मुश्किल था। इसके बावजूद सर्वेक्षण सरकार के दिशा निर्देशों के तहत किया।