शांति के लिए एक-दूसरे को समय देने की है आवश्यकता : तरुण
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : वेस्ट बंगाल वालेंटरी हेल्थ एसोसिएशन, प्रधाननगर की ओर से विश्व श्
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : वेस्ट बंगाल वालेंटरी हेल्थ एसोसिएशन, प्रधाननगर की ओर से विश्व शांति दिवस के मौके पर एक आलोचना सभा का आयोजन केसमिला ग्राम पंचायत, मालबाजार में किया गया। जिसमें 'सकलेर अधिकार और सकलेर शांति' विषय पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। इस मौके पर केसमिला ग्राम पंचायत की प्रधान मिनारा प्रवीण भी मौजूद थीं। वेस्ट बंगाल वालेंटरी हेल्थ एसोसिएशन की ओर से तरुण माइती ने बताया कि आजकल देखा जा रहा है कि परिवारों से शांति दूर होती जा रही है। परिवार के सदस्य आपस में किसी न किसी बात पर लड़ते रहते हैं। इसके लिए आवश्यक है कि एक-दूसरे को समय दें। अभिभावक अपने बच्चों की बात सुने। उनके दिल की बात को जाने। उनके साथ मिल बैठकर उनकी समस्याओं को जाने। कुछ अपने बारे में भी बताएं। वहीं बच्चों को भी बताएं कि किस तरह से समाज में रहे। मिलजुल कर साथ रहने के क्या फायदे हैं। अगर हम अभी नहीं संभले तो आगे आने वाली स्थिति बहुत ही भयावह होगी। इसके साथ ही ध्यान-योग करने की सलाह भी दी गई। ध्यान करने से भी मन को शांति मिलती है। इसलिए बच्चों को अध्यात्म से जोड़ने की अपील की गई। इसके अलावा श्रोताओं को अन्य कई जानकारियां दी गई। जिसके माध्यम से वे अपने घर-परिवार में शांति स्थापित कर सकते हैं।