पश्चिम बर्द्धमान जिले के अजय नदी पर बना बांस का अस्थायी सेतु टूटा, बाइक समेत दो डूबे
अजय नदी पर बीरभूम जिले के जयदेव और पश्चिम बर्धमान जिले के कांकसा शिवपुर के बीच लोगों के आर पार होने के लिए अस्थाई सेतु बना था। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण अस्थायी सेतु टूट गया था। प्रत्येक दिन हजारों लोग आना जाना करते है।
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। अजय नदी पर पश्चिम बर्द्धमान जिले के कांकसा के शिवपुर और बीरभूम जिले के जयदेव के बीच बनाया गया बांस का अस्थाई सेतु (माचा) टूट जाने से दो व्यक्ति डूब गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाल दिया गया। मंगलवार को ही स्थानीय लोगों आने-जाने के लिए सेतु पर माचा तैयार किया था।
अजय नदी पर बीरभूम जिले के जयदेव और पश्चिम बर्धमान जिले के कांकसा शिवपुर के बीच लोगों के आर पार होने के लिए अस्थाई सेतु बना था। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार को अस्थायी सेतु टूट गया था। तब से लोगों का आना-जाना बंद था। दोनों जिले से प्रत्येक दिन हजारों लोग आना जाना करते है।
स्थानीय लोगों ने मंगलवार को टूटे हुए सेतु के स्थान पर बांस का सेतु तैयार किया था। जिससे लोग आना-जाना कर रहे थे। मंगलवार की रात से बुधवार सुबह तक लगातार हो रही बारिश के कारण अजय नदी का जलस्तर बढ़ गया है। बुधवार की सुबह दो लोग बाइक से बीरभूम से कांकसा की ओर आ रहे थे। उसी समय अचानक बांस का बना सेतु टूट गया और बाइक समेत दोनों डूब गए। उस समय पुलिस और स्थानीय लोग मौजूद थे। उनके प्रयास से दोनों लोगों को नदी से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।
अब तक बाइक का पता नहीं चल पाया। धनंजय बादयकर समेत अन्य लोगों का कहना है कि बांस का सेतु काफी खतरनाक है। इससे बड़ा हादसा भी हो सकता था। प्रशासन को स्थायी सेतु बनाना चाहिए, ताकि लोगों की परेशानी दूर हो।