हिंसक घटनाओं के पीछे राज्य की सरकार: तार किशोर
जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी भाजपा नेता व बिहार के उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद मंगलवार देर
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी :
भाजपा नेता व बिहार के उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद मंगलवार देर शाम सिलीगुड़ी पहुंचे। बिहारी कल्याण मंच की ओर से उनका स्वागत किया गया। उन्होने अपने दौरे में हिंदीभाषी समाज से जुड़े लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट कर बंगाल को हिंसा मुक्त बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बंगाल में कई तरह की हिंसात्मक घटनाएं हो रही हैं। सीआरपीएफ के जवानों पर हमले हुए। बिहार के पुलिस अधिकारी को मार दिया गया। इन घटनाओं से यह प्रतीत होता है कि बंगाल की सरकार आपराधिक घटनाओं को प्रायोजित कर रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चुनाव प्रचार पर 24 घटे के प्रतिबंध को बिहार के उप मुख्यमंत्री ने सही बताया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार राज्य में जारी हिंसा को प्रायोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल में कई तरह की हिंसात्मक घटनाएं हो रही हैं। ऐसी हिंसा को ना आयोग बर्दाश्त करेगा और ना ही भारत सरकार। इसलिए चुनाव आयोग ने इस संदर्भ में जो भी निर्णय लिया है, वह चुनावी हिंसा को रोकने के लिए लिया है। किशनगंज के एसएचओ की हत्या पर दुख जताते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना से हम सब काफी दुखी हैं। शहीद जवान के परिवार से मुलाकत की है। सरकार की तरफ से जो भी मदद की जा सकती है, वो की जाएगी। शहीद के आश्रितों में से एक को सरकारी नौकरी और अनुदान राशि का जो प्रवधान है, वो दिया जाएगा। इस घटना से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मर्माहत हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल में चुनावी सभा के दौरान अपने भाषण में इस घटना की गंभीरता से चर्चा की है। जब पीएम ने खुद घटना पर संज्ञान लिया, तो समझ सकते हैं कि हमारी घटना को लेकर क्या प्रतिक्रिया होगी।