सिलीगुड़ी डीआरआइ ने पकड़ा करोड़ों का सोना,सर्राफा व्यवसायियों से जुड़ें तार, चार मिजोरम निवासी भी गिरफ्तार
दुर्गा पूजा अभी समाप्त भी नहीं हुआ है लेकिन लगता है सर्राफा व्यापारियों ने धनतेरस की तैयारी शुरू कर दी है। केंद्रीय खुफिया राजस्व निदेशालय (डीआरआइ) सिलीगुड़ी की टीम ने 23 किलो सोना के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। दुर्गा पूजा अभी समाप्त भी नहीं हुआ है लेकिन लगता है सर्राफा व्यापारियों ने धनतेरस की तैयारी शुरू कर दी है। केंद्रीय खुफिया राजस्व निदेशालय (डीआरआइ) सिलीगुड़ी की टीम ने 23 किलो सोना के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस तरह से लगातार दूसरे दिन सिलीगुड़ी में काफी मात्रा में सोने की जब्ती हुई है। जांच के क्रम में दोनों ही मामलों के तार सर्राफा व्यापारियों से जुड़ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार नए मामले में आरोपितों से दो लक्जरी कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। आरोपितों को शनिवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताते चलें कि अभी एक दिन पहले ही डीआरआइ ने दो किलो सोना के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया था। दोनों अभियान में धराए आरोपित मिजोरम के निवासी हैं। गुप्त सूचना के आधार पर बीते गुरुवार को डीआरआइ की टीम ने मालबाजार-सिलीगुड़ी मार्ग पर घात लगाया। दोपहर करीब डेढ़ बजे मालबाजार इलाके में दो लक्जरी कार को रोका और उसकी तलाशी शुरू की। जबकि इसी बीच वहां काफी भीड़ जुटने लगी। इसके साथ ही जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। फिर दोनों कार और उसमें सवार चारों लोगों को सिलीगुड़ी डीआरआइ की टीम अपने कार्यालय ले आई। चारों लोगों और वाहन की प्राथमिक तलाश में डीआरआइ के हाथ कुछ नहीं लगा।
इसके बाद दोनों कारों को संबंधित कंपनी के सर्विस सेटर ले जाया गया। जहां ट्यूबलर पाइप से सोना बरामद हुआ। सोने को गलाकर गोलकार आकार में ट्यूबलर पाइप में छिपाया गया था। दोनों कारों से 21 गोलाकार आकार में सोना बरामद हुआ। वैध दस्तावेजों के अभाव में डीआरआइ ने कस्टम एक्ट-1962 की धारा 104 के तहत सोना, वाहन और मोबाइल जब्त किया। साथ ही चारों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के नाम इमानुए द्वंसुणकहैए (24), एस. पौलमथंगा (37), गोसुणलीअना (32) और लालछुण्थंगा (52) बताया गया है। इमानुए और पौलमथंगा मिजोरम के चम्फाई स्थित वेंगथार इलाके का निवासी है। वहीं गोसुणलीअना मिजोरम की राजधानी आइजोल के दिंग्दीवेंग स्थित छलतंग और लालछुण्थंगा बावनकान स्थित लुंगलेई रोड इलाके का निवासी बताया गया है। जब्त सोने का कुल वजन 23 किलो 233.650 ग्राम है। जिसकी बाजार कीमत 11 करोड़ 65 लाख 81 हजार 809 रुपये आंकी गई है। किस प्रकार की थी योजना डीआरआइ की मानें तो इस सोने को भी भारत-म्यांमार सीमांत के रास्ते भारत में पहुंचाया गया। फिर मणिपुर से होकर असम के रास्ते मालबाजार, जलपाईगुड़ी के रास्ते सिलीगुड़ी पहुंचाए जाने की योजना थी। आठ किलो सोना सिलीगुड़ी और बाकी का सोना कोलकाता और दिल्ली भेजने की योजना थी। दुर्गा पूजा के बाद धनतेरस और दीपावली का त्यौहार है। धनतेरस में लोग सोना-चांदी की काफी खरीददारी करते हैं। सूत्रों के अनुसार धनतेरस में अधिक मुनाफा कमाने के इरादे से ही विदेशी सोने की तस्करी के रास्ते सर्राफा व्यापारी मंगवा रहे हैं। डीआरआइ पूरे मामले की जांच में जुटी है।