गीत-संगीत के साथ किया नए साल का स्वागत
जेएनएन गंगटोक/रंगपो पर्यटन केंद्र के तौर पर प्रसिद्ध पहाड़ी राज्य सिक्किम के निवासियों संग
जेएनएन, गंगटोक/रंगपो : पर्यटन केंद्र के तौर पर प्रसिद्ध पहाड़ी राज्य सिक्किम के निवासियों संग सैलानियों ने गीत-संगीत के रंगारंग कार्यक्रमों के साथ नए साल का स्वागत किया। मंगलवार की देर रात तक लोगों ने विभिन्न होटलों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के साथ विभिन्न व्यंजनों का लुत्फ उठाया व छक कर शराब पी। शहर समेत जोरथांग, रंगपो आदि क्षेत्रों के निवासियों में भी नए वर्ष को लेकर बेहद उत्साह दिखा।
गंगटोक के कई होटलों में होटल प्रबंधन ने सैलानियों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। वहीं कुछ कैसिनो में कैबरे डांस भी आयोजित हुआ। लोगों ने विभिन्न पर्यटन स्थलों पर जाने को तरजीह दी। तो वहीं बड़ी संख्या में लोग अपने घरों व होटल के कमरों में कैद रहने के साथ ही सड़कों पर अलाव जलाकर मध्य रात्रि होने का इंतजार करते दिखे। घड़ी की सुइयां जैसे ही 12 के पार पहुंची, एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने हाथ मिलाकर, तो कुछ ने गले लगाकर एक-दूसरे को नव वर्ष की बधाई दी। जोरथांग में भी नव वर्ष का स्वागत करने को क्षेत्रीय नागरिक भी बेहद उत्साहित दिखे। क्षेत्र के करफेकटार, घिरबिरेटार, रोल व त्रिवेणी समेत विभिन्न पर्यटन स्थलों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई।
रंगपो संवाददाता के अनुसार स्थानीय लोगों के साथ-साथ देशी व विदेशी पर्यटक सिक्किम के विभिन्न स्थानों में नववर्ष मनाने पहुंचे। हिमपात वाले क्षेत्रों में पहुंचकर उनलोगों ने नववर्ष का आनंद लिया। सुबह से ही छांगु, नाथुलला, जलुक आदि क्षेत्रों में बुधवार सुबह से ही गाड़ियों की लंबी कतार दिखी। वही पुलिस प्रशासन की ओर से नववर्ष के उपलक्ष्य पर पिकनिक मनाने के लिए जाने वालों पर वाहनों पर पैनी नजर थी। एक ओर जहां ज्यादातर वाहन पिकनिक के लिए व्यस्त थे। वहीं दूसरी ओर वाहनों की कमी से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।