स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चौकस हुई प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था
स्वतंत्रता दिवस के मध्य नजर भारत नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र पानी टंकी में भी सशस्त्र सीमा बल के जवान सीमावर्ती क्षेत्र से आने जाने वालों पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। स्वतंत्रता दिवस के मध्य नजर शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन, बागडोगरा एयरपोटर्, भारत-बाग्लादेश व भारत नेपाल सीमा क्षेत्र में लगातार चौकसी बरती जा रही है।
न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे सूत्रों द्वारा मिली जानकारी केअनुसार स्टेशन और प्लेटफार्म पर आने जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मेटल डिटेक्टर डॉग स्क्वायड के माध्यम से स्टेशन परिसर पर पहरेदारी की जा रही है। आरपीएफ व जीआरपी के जवान चारों तरफ नजर रख रहे हैं।
हालाकि उनका कहना था कि लगेज स्कैनर मशीन खराब होने से थोड़ी परेशानी हो रही हैं। फिर भी सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कोताही ना हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
बागडोगरा एयरपोर्ट पर भी त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है। टर्मिनल में घुसने वालों यात्रियों की पूरी तरह से जाच की जा रही है। 15 अगस्त को देखते हुए टर्मिनल के अंदर अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
सिलीगुड़ी से 7 किलोमीटर दूर भारत-बाग्लादेश सीमा पर फूलबाड़ी में सीमा सुरक्षा बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी में लगे हुए हैं। वहीं भारत नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र पानीटंकी में भी सशस्त्र सीमा बल के जवान सीमावर्ती क्षेत्र से आने जाने वालों पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
शहर व आसपास में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
देश का 72वां स्वतंत्रता दिवस मनाने को सिलीगुड़ी शहर तैयार है। इसे लेकर सिलीगुड़ी महकमा प्रशासन की ओर से जोर-शोर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सिलीगुड़ी कॉलेज मैदान में इस दिन एनसीसी कैडेट्स ने परेड का अभ्यास किया।
उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को सिलीगुड़ी कॉलेज मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का रंग जमेगा। सुबह में महकमा शासक (एसडीओ) सिराज दानेश्यार राष्ट्रीय झंडा फहराएंगे व समारोह में तरह-तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इसी उपलक्ष्य में 14 अगस्त का दिन बीत जाने के बाद मध्य रात्रि को कंचनजंघा स्टेडियम मेला ग्राउंड में झंडोत्तोलन होगा। छात्र-युवाओं द्वारा आयोजित इस मध्यरात्रि स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव झंडोत्तोलन करेंगे। वहीं, श्री गुरु विद्या मंदिर (चंपासारी) मैदान में भी समाजसेवी मदन भट्टाचार्य के संयोजन में भी मध्यरात्रि झंडोत्तोलन होगा।
इधर, स्वतंत्रता दिवस के रंग में कोई भंग न पड़े इसलिए पुलिस प्रशासन की ओर से शहर व आसपास में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के भीड़ भरे इलाकों विधान मार्केट, मॉल, बस स्टैंड व रेल स्टेशनों पर हरेक गतिविधि परपैनी नजर रखी जा रही है। जगह-जगह नाका चेकिंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों को निश्चिंत हो कर स्वतंत्रता दिवस मनाने का संदेश दिया है।