बारिश से कई इलाकों में जलजमाव
-ग्रामीण इलाकों में किसान खुश -मक्के की फसल को काफी लाभ जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी
-ग्रामीण इलाकों में किसान खुश
-मक्के की फसल को काफी लाभ
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी :सिलीगुड़ी शहर व आसपास में मंगलवार को दिन व रात भर हुई बारिश के चलते कई इलाको में जलजमाव उत्पन्न हो गया। इसे लेकर बुधवार सुबह लोगों को काफी मशक्कत उठानी पड़ी। नगर निगम क्षेत्र में नदी किनारे के कई इलाकों में घंटों जलजमाव की समस्या बनी रही। दोपहर बाद जब जल जमाव खत्म होना शुरू हुआ तब जा कर लोगों ने राहत की सांस ली। वैसे जलजमाव की समस्या को लेकर लोगों ने सिलीगुड़ी नगर निगम व संबंधित पंचायतों के प्रति रोष भी जताया। इसके साथ ही लोगों इलाकों में जल्द से जल्द बेहतर जलनिकासी व्यवस्था की मांग की है अन्यथा जोरदार आंदोलन की चेतावनी दी है।
इधर,खोरीबाड़ी के हमारे संवाददाता के अनुसारे दो दिनों से बारिश से जलजमाव होने के कारण नक्सलबाड़ी, खोरीबाड़ी सहित सीमावर्ती क्षेत्र डांगुजोत व गलगलिया के कई जगहों पर कीचड़ की स्तिथि उत्पन्न हो गई । बारिश ने मौसम ठंडा कर दिया। बुधवार को सुबह से ही लोगों को कनकनी महसूस हो रही थी। मौसम के अचानक इस बदलाव से लोगों को ठंड का एहसास फिर से होने लगा है। हालाकि दोपहर बाद हल्की धूप दिखाई दी। उसके बाद फिर कनकनी हवा चलती रही। वहीं दूसरी ओर पिछले दो दिनों की हल्की बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी छा गई है। किसान सुबह-सुबह उठकर अपने खेत पहुंच कर मक्के की लहलहाती फसल को देखकर काफी खुश हैं। किसानों ने बताया कि बिल्कुल सही समय पर वर्षा हुई है। मकई की खेती करने वाले किसानों के लिए खुशी की बात है। यह बारिश मक्के की फसल के लिए लाभदायक है। इस वर्ष सही समय पर वर्षा हो जाने से फसल अच्छी होने की उम्मीद जताई जा रही है।