दुर्गापूजा में कोलकाता आएंगे राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस साल दुर्गापूजा में महानगर आ रहे हैं।
कोलकाता , जागरण संवाददाता। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस साल दुर्गापूजा में महानगर आ रहे हैं। पार्टी सूत्रों की माने तो सबकुछ ठीकठाक रहा तो उनके 17 अक्टूबर यानि अष्टमी के दिन कोलकाता आने का कार्यक्रम है। दरअसल प्रदेश कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष बनने के बाद सोमेन मित्रा व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 12 अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली में राहुल गांधी की बैठक हुई।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक पहलुओं पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने कहा कि वे बगैर गठबंधन लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने के पक्षधर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में तृणमूल व भाजपा दोनों के साथ वे किसी तरह के गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं। वहीं, राहुल गांधी की ओर से बंगाल में कांग्रेस की पैठ मजबूत करने को लेकर जोर दिया गया और कमेटी के नेताओं से सुझाव मांगा गया।
सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान राहुल गांधी को पूजा के दौरान कोलकाता आने का सुझाव दिया गया क्योंकि राज्य में मशहूर दुर्गापूजा लोगों के बीच पैठ बनाने का एक जरिया भी है। इस पर राहुल तैयार हो गए।
बताया जाता है कि राज्य नेतृत्व की ओर से उन्हें महानगर के मशहूर पूजा पंडालों में से एक कालेज स्ट्रीट पूजा पंडाल में शामिल होने को कहा गया।
समझा जाता है कि सबकुछ ठीकठाक रहा तो वे कालेज स्ट्रीट के पूजा पंडाल में पूजा करते नजर आ सकते हैं। बता दें कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की दुर्गापूजा में सक्रिय सहभागिता रहती है।