पब कांड की महिलाओं ने की आलोचना
जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी पब में लगे एक आपत्तिजनक पोस्टर को लेकर विरोध जताने वाली युवती
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : पब में लगे एक आपत्तिजनक पोस्टर को लेकर विरोध जताने वाली युवती और पब प्रबंधन के बीच भारी विवाद हुआ। जहां पर नो शर्ट नो सर्विस फॉर गाइज, नो शर्ट फ्री ड्रिंक फोर गर्ल्स का बोर्ड लिखा था। जिसको लेकर विरोध जताने वाले लोगों के साथ मार-पिटाई की गई। ऐसे में इस बारे में जब युवतियों से बातचीत हुई तो उन्होंने अपनी राय इस प्रकार से रखी।
जो भी घटना घटी है वो बेहद शर्मनाक है। हर घर में महिलाएं हैं। कहीं पर वो बेटी के रूप में तो कहीं पर मां, भाभी, बहन के रूप में हर एक रिश्ता निभाती हैं। एक मां भी महिला ही है। इस तरह के पोस्टर किस तरह की मानसिकता को दर्शाते हैं ये सोच से परे हैं। इस प्रकार के पब पर रोक लगनी चाहिए और महिलाओं के सम्मान में उचित कदम उठाया जाना चाहिए। जो लोग भी इस मामले में दोषी पाए जाएं,उनके खिलाफ कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। कोई भी व्यक्ति चाहे कितना भी बड़ा क्यों ना हो कानून से उपर नहीं हो सकता।
- एनी बंसल
इस तरह से किसी पोस्टर में महिलाओं के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना गलत है। यह पूरी तरह से महिलाओं का अपमान है। जिस बेटी ने इस प्रकार के पोस्टर पर आपत्ति जताई है,उसकी सराहना करनी चाहिए। बेटियां सबके घर में हैं। उनके प्रति सम्मान की भावना अवश्य होनी चाहिए। दूसरों की बहु-बेटियों को लेकर इस तरह के पोस्टर लगाना कतई सही नहीं है। ये हमारी संस्कृति नहीं है। समाज के लोगों को आगे आकर इन सबका प्रतिवाद करना चाहिए। इस प्रकार के मानसिकता वाले लोगों से सभी लोग मिलकर ही लड़ सकते हैं।
- निहारिका शर्मा