लॉकडाउन असरदार बनाने फिर सड़क पर उतरे पुलिस कमिश्नर
-विभिन्न स्थानों पर लगातार नाका चेकिंग जारी -बाइक सवारों पर पुलिस की विशेष नजर जागरण सं
-विभिन्न स्थानों पर लगातार नाका चेकिंग जारी
-बाइक सवारों पर पुलिस की विशेष नजर
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी: शहर में लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए सख्ती बरते जाने के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश के बाद बीते हफ्ता-10 दिनों से सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। इसके मद्देनजर शहर में लॉकडाउन असर पकड़ने लगा है। यूं तो पुलिस पहले भी हरकत में थी लेकिन रवैया नर्म था जो कि अब थोड़ा सख्त हो गया है। फिर भी कई स्थानों पर लोगों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर त्रिपुरारी आर्थव ने एक सप्ताह बाद फिर खुद सड़क पर उतर कर लॉकडाउन का जायजा लिया। सिलीगुड़ी थाना के आईसी सुदीप चक्रवर्ती व दल-बल के साथ जगह-जगह लॉकडाउन एवं शारीरिक दूरी के नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करवाया। वहीं, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्थानीय थाना की पुलिस संग सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के अन्य वरीय अधिकारी भी खुद सड़क पर उतर कर मोर्चा संभाल रहे हैं। जगह-जगह लोगों के बीच लॉकडाउन एवं शारीरिक दूरी के नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करवाने में लगे हैं।
शहर के लगभग सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस व ट्रैफिक पुलिस दिन भर डटी रही। आते-जाते लोगों से पूछताछ की और वाहन वालों के कागजातों की भी पड़ताल की। इसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों का जहा चालान काटा गया वहीं कइयों की हिरासत व गिरफ्तारी भी हुई। लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के पुलिस के ऐसे जबरदस्त एक्शन से उल्लंघन करने वालों के होश व हवास अब जरा दुरुस्त होने लगे हैं। पुलिस शहर में विभिन्न स्थानों पर लगातार नाका चेकिंग चला रही है। खासकर बाइक सवारों पर पुलिस की विशेष नजर है।