ऑनलाइन दिखाया जाएगा कीर्तन
जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी श्री गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में गुरु नानक देव का 551 प्रकाश्
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : श्री गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में गुरु नानक देव का 551 प्रकाश पर्व के अवसर पर सेवक रोड स्थित गुरुद्वारा में जोर शोर से तैयारियां चल रही है। इसी कड़ी के तहत इस वर्ष कोरोना महामारी को देखते हुए बहुत ही सादगी के साथ गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। गुरुद्वारा परिसर में किसी प्रकार की भीड़भाड़ नही की जाएगी। ऐसे में कीर्तन के कार्यक्रम को ऑनलाइन भी दिखाया जाएगा। जिससे घर बैठकर भी श्रद्धालु कीर्तन का आनंद उठा पाएंगे। कार्यक्रम 28 नवंबर से शुरू हो जाएगा। संध्या बेला में हजुरी रागी जत्था भाई गुरुदेव सिंह के द्वारा कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। इसी क्रम में बाहर से किसी जत्था को आमंत्रित नहीं किया गया है। स्थानीय रागी जत्था के द्वारा ही कीर्तन इत्यादि का कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसी कड़ी के तहत 29 नंवबर को भी स्थानीय जत्था और हजूरी रागी जत्था द्वारा कीर्तन किया जाएगा। वहीं बच्चों के मध्य पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। 30 नवंबर को सुबह का दिवान सुबह साढ़े छह बजे में सजेगा। वहीं ग्यारह बजे से हजुरी रागी जत्था द्वारा कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। दोपहर में लंगर का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।श्रद्धालुओं के मध्य लंगर वितरित किया जाएगा। किंतु इस वर्ष भीड़भाड़ ना हो इसके लिए दोपहर में ही लंगर का समापन कर दिया जाएगा। बहुत ही सावधानी के साथ पर्व मनाया जा रहा है। ताकि ये बीमारी अधिक ना फैले। क्योंकि एक-दूसरे के संपर्क में आने से ये संक्रमण अधिक फैलता है।