ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा बढ़ा रही अपनी ताकत
-भारत नेपाल सीमांत में चलाया जा रहा जनसंपर्क अभियान जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी पंचायत व विध्
-भारत नेपाल सीमांत में चलाया जा रहा जनसंपर्क अभियान
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : पंचायत व विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र में अपनी ताकत बढ़ाने में लगी है। रविवार को नक्सलबाड़ी क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल का प्रथम वर्ष सफलता पूर्वक पूर्ण होने पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार प्रचार-प्रसार योजना शुरु कर दिया है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महासचिव रतींद्र बोस , जिला के भाजपा उपाध्यक्ष राज भट्टाचार्य जिला महासचिव आनदमयी बर्मन एवं मनोरंजन मंडल व नक्सलबाड़ी मंडल अध्यक्ष मंगलू राय सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। भाजपाइयों ने आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए जगह-जगह पीएम मोदी के पत्र का वितरण किया। साथ ही सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने नक्सलबाड़ी के कई इलाके में लोगों के बीच पार्टी की ओर से जारी प्रधानमंत्री का पत्र वितरण कर इस योजना की शुरूआत की। इस संबंध में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राज भट्टाचार्य व सचिव दिलीप बरोई ने बताया कि नक्सलबाड़ी प्रखंड के मणिराम ग्राम पंचायत के बड़ामनीराम व कीलाराम जोत के बूथों में प्रधानमंत्री द्वारा लिखे गए पर्ची को वितरण किया गया। साथ ही लोगों को मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यो के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया है। कहा कि मोदी सरकार का दूसरा कार्यकाल बहुत ही प्रभावशाली और चुनौती पूर्ण रहा है। इस अवधि मे जनादेश शासन की गति, सरकारी योजनाओं की अंतिम व्यक्ति तक पहुंच, मजबूत बुनियादी ढाचा और दशकों से लटके मुद्दों के समाधान को उच्च प्राथमिकता दी गई। चुनौती पूर्ण इसलिए कि कोरोना वायरस और चक्रवाती चक्रवात ने जो अभूतपूर्व संकट खड़े किए, उससे जो दुख और विपदा आई। साथ ही भारी नुकसान हुआ। आज देश में एक निर्णय लेने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी है, जो देशवासियों के लिए चिंता है।
दूसरे दलों से 200 से ज्यादा समर्थक भाजपा में शामिल
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकुशलता को देखते हुए वार्ड 41 नंबर वार्ड में लगभग 200 दूसरे दलों के पार्टी समर्थक व कार्यकर्ताओं ने रविवार की शाम भाजपा पार्टी का झंडा थाम लिया। यह कार्यक्रम वार्ड 41 के बोतल मोड़ के निकट आयोजित किया गया था। इस मौके पर भाजपा के जिला सचिव प्रसन्नजीत पॉल, जुली तमांग, आठ नंबर मंडल अध्यक्ष राजू सिंह, शंकर कुंडू, निर्मल साहा, संतोष राय व रतन देवनाथ समेत अन्य नेता मौजूद थे। इस मौके पर प्रसन्नजीत पॉल ने कहा आज लोग परिवर्तन चाहते है। लोगों ने बंगाल में वामपंथ के बाद तृणमूल कांग्रेस को कुछ ज्यादा उम्मीद के साथ सत्ता में लाया था। पिछले सात वर्षो में जिस प्रकार लोगों की आशाओं को इन दो पार्टियों के नेताओं ने तोड़ा है उससे वे चाहते है कि राष्ट्र व राज्य की समृद्धि के लिए बंगाल में भाजपा की सरकार हो। इसके लिए लोग दूसरे दलों को छोड़कर बुथ स्तर पर भाजपा को मजबूत करने की कोशिश कर रहे है। राजू सिंह ने कहा कि वार्ड 41 की बात करें तो यहां की व्यवस्था इस प्रकार से लोगों को परेशान कर रही है कि उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। यहां के लोग चाहते है कि भ्रष्टाचार नहीं निष्पक्ष रुप से लोगों की सेवा हो। वहीं दूसरी ओर फांसीदेवा में भी बड़ी संख्या में लोगों ने दूसरे दलों को छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है।