सेवक में टाटा सूमो ने डंपर को मारी टक्कर
-एक छात्रा की मौत कई अन्य घायल -यात्रियों ने चालक के नींद में होने का लगाया आरोप जा
-एक छात्रा की मौत, कई अन्य घायल
-यात्रियों ने चालक के नींद में होने का लगाया आरोप
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी से जोरथांग जा रही यात्रियों से भरी टाटा सूमो एसके 04जे 0391 सेवक पेट्रोल पंप के निकट मंगलवार सुबह सड़क किनारे खड़े एक डंपर में टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। चालक समेत उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में जोरथांग की 12वीं की छात्रा नाजिया परवीन की बाद में मौत हो गई।अन्य घायलों
का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। छात्रा के परिवार वालों का आरोप है कि चालक की लापरवाही से यह दुर्घटना हुई है। चालक वाहन चलाते समय नींद ले रहा था।
सेवक आउटपोस्ट की पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। छात्रा के शव को नार्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है। इस घटना के संबंध में कर्सियांग थाना के आइसी नेवेंदु सरकार ने बताया कि सेवक आउटपोस्ट पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह तेज रफ्तार से टाटा सूमो जोरथांग की ओर जा रही थी। सेवक पेट्रोल पंप के निकट एक डंपर को चालक ने बिना देखे टक्कर मार दिया। झटके से चालक समेत कई यात्री सड़क पर आ गिरे। घायलों को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय लोगों की सहायता से इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां छात्रा को मृत घोषित कर दिया गया। मृत छात्रा के चाचा मोहम्मद नजीर ने बताया कि उसकी भतीजी परीक्षा की तैयारी के लिए बिहार स्थित मूल निवास सीतामढ़ी गयी हुई थी। मंगलवार सुबह बस से लौटी और जोरथांग जा रही थी। उन्हें क्या पता कि काल के गाल में वह समा जाएगी। नजीर ने बताया कि टाटा सूमो में सवार कई लोगों ने बताया कि सूमो चालक नींद में था। सिलीगुड़ी से सेवक के बीच दो बार गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बची थी। आखिरकार उसने एक डंपर को टक्कर मार ही दिया। प्रशासन को चाहिए कि सिलीगुड़ी-सिक्किम के बीच चलने वाली सभी गाड़ियों के चालकों की निगरानी हो।