Move to Jagran APP

बंगालः मुथूट फाइनेंस लूटकांड में पांच गिरफ्तार

Muthoot Finance robbery Case. ओडिशा के भुवनेश्वर संभलपुर और रोड़ाखोल के माओवादी इलाके में अभियान चलाकर पांचों को गिरफ्तार किया गया।

By Edited By: Published: Sat, 21 Sep 2019 08:31 PM (IST)Updated: Sun, 22 Sep 2019 12:21 PM (IST)
बंगालः मुथूट फाइनेंस लूटकांड में पांच गिरफ्तार
बंगालः मुथूट फाइनेंस लूटकांड में पांच गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के व‌र्द्धवान रोड स्थित मुथूट फाइनेंस लूटकांड में पांच आरोपितों को पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार किया है। सभी बदमाशों को लेकर हवाई मार्ग से पुलिस टीम सिलीगुड़ी पहुंची है। सिलीगुड़ी शहर के सबसे बड़े 45 किलो सोना लूटकांड में गिरफ्तार सभी आरोपितों को हवाई मार्ग से पहले गुवाहाटी और उसके बाद सिलीगुड़ी लाया गया है। 25 दिनों के लगातार परिश्रम के बाद सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। पांचो आरोपितों को ओडिशा के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के पास से डकैती का सोना भी बरामद हुआ है। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस रविवार को पूरे मामले का खुलासा करेगी।

loksabha election banner

जानकारी के अनुसार, ओडिशा के भुवनेश्वर, संभलपुर और रोड़ाखोल के माओवादी इलाके में अभियान चलाकर पांचों को गिरफ्तार किया गया। बीते 24 अगस्त को हथियार बंद बदमाशों के दल ने सिलीगुड़ी शहर के व‌र्द्धमान रोड स्थित मुथूट फाइनेंस के शाखा कार्यालय पर धावा बोला था। दो मोटर साइकिल पर सवार होकर आए चार बदमाश 45 किलो सोना व लाखों रुपये नगद लेकर रफूचक्कर हो गए। इस घटना ने सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की नींद उड़ा दी थी। पुलिस इसकी जाचं में जुट गई। सीसीटीवी खंगालने से पता चला कि चार में से तीन बदमाशों ने हेलमेट पहना हुआ था। सीसीटीवी फुटेज से ही पुलिस को एक बदमाश का चेहरा व दोनों मोटर साइकिल का नंबर प्राप्त हुआ। हालांकि बाद में मोटर साइकिल का नंबर फर्जी साबित हुआ।

जांच के क्रम में पुलिस को पता चला कि घटना को अंजाम देने के लिए बदमाशों 15 दिनों से शहर से सटे शिवमंदिर इलाके में किराए पर मकान लेकर अड्डा जमाया था। किराए के उस मकान की तलाशी में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगा। एक चेहरा व कुछ मोबाइल नंबर के सहारे पुलिस ने डकैतो का पीछा शुरू किया। पड़ोसी राज्य बिहार, झारखंड व ओडिशा पुलिस से जानकारी साझा कर तफ्तीश की जाने लगी। इधर, लूट के सोने को डकैतों ने आपस में बांट लिया था। सभी इसे बेचने की फिराक में थे। पुलिस को एक चेहरे व मोबाइल नंबर से पूरे गैंग का सुराग मिला। लूटपाट व डकैती के साथ यह सभी अपराध की दुनिया के पुराने दागी पाए गए। बिहार व ओडिशा के कई थानों में इनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह ही इन बदमाशों के ओडिशा में छिपे होने की खबर पुलिस को मिली। जानकारी मिलते ही सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की एक टीम ओडिशा रवाना हुई। ओडिशा में पुलिस ने कई इलाकों में अभियान चलाया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद ओडिशा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में सिलीगुड़ी पुलिस के साथ मिलकर एक स्पेशल ऑपरेशन टीम गठित की। इसी टीम ने भुवनेश्वर, संभलपुर व रोड़ाखोल इलाके में अभियान चलाकर पांचो को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को पांचो आरोपियों को भुवनेश्वर एक अदालत में पेश किया गया।

अदालत से पांचों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर सिलीगुड़ी पहुंची है। आरोपितों को सिलीगुड़ी थाने में रखा गया है। सभी को रविवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की डप्टिी पुलिस कमिश्नर जोन-1 इंदिरा मुखर्जी ने बताया कि आरोपितों को सिलीगुड़ी लाया जा चुका है। रविवार आरोपितों को अदालत में पेश किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने अन्य जानकारी देने से साफ इनकार किया है। आरोपितों से पूछताछ जारी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.