दुष्कर्म पीड़िता से मिले विधायक, मदद
जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी प्रखंड की दुष्कर्म पीड़िता एक नाबालिगा क
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : महकमा के खोरीबाड़ी प्रखंड की दुष्कर्म पीड़िता एक नाबालिगा के घर जा कर फांसीदेवा-खोरीबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुनीलचंद्र तिर्की ने सोमवार को उसका हालचाल लिया। पीड़ित परिजनों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली व हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को कुछ कपड़े व आर्थिक सहायता राशि भी दी।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि उक्त घटना अत्यंत ही जघन्य घटना है। उसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए ताकि भविष्य में फिर कोई किसी बेटी की ओर बुरी नजर से देखने का दुस्साहस न करे। उन्होंने इस दिशा में अपनी ओर से भी पीड़िता व पीड़िता के परिवार को पूरा न्याय दिलाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि दो हफ्ते पहले उक्त दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस मामले को अंजाम देने आ आरोप एक तृणमूल कांग्रेस नेता पर है। उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है। वह अभी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। इधर, हफ्ते-दस दिन तक उक्त नलाबालिगा का नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनबीएमसीएच) में इलाज चला। चार-पांच दिन पहले वह अपने घर लौटी है। पीड़िता के परिवार ने दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिला कर पीड़ित परिवार को पूरा-पूरा इंसाफ देने की शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है।
इस दिन पीड़िता व पीड़ित परिवार से मिलने के उपलक्ष्य में सुनील चंद्र तिर्की, कांग्रेस के रानीगंज अंचल कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष सिन्हा, बूड़ागंज क्षेत्र के अध्यक्ष सदानंद रॉय, अरविंद भट्टाचार्य व अन्य कई सम्मिलित रहे।