खूनी मुख्यमंत्री हैं ममता बनर्जी : मुकुल राय
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मुकुल राय ने ममता बनर्जी को खूनी मुख्यमंत्री बताया।
By Edited By: Published: Tue, 11 Jun 2019 06:04 PM (IST)Updated: Wed, 12 Jun 2019 09:33 AM (IST)
जागरण संवाददाता, कोलकाता : भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मुकुल राय ने ममता बनर्जी को खूनी मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने मंगलवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान संदेशखाली हिंसा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री पर यह आरोप लगाया। इसके साथ ही भाजपा नेता ने संदेशखाली हिंसा की एनआइए जांच की मांग की। मुकुल ने कहा कि संदेशखाली में तीन पार्टी कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहां किसी तरह का संघर्ष भी नहीं हुआ था। ये बेकसूर लोग अपने घर में सो रहे थे। बदमाशों ने उन्हें घर से बुलाकर गोली मार दी। तीन दिन बाद भी वहां के लापता तीन लोगों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। बादुड़िया में बोरे में बंद कई टूकड़ों में बरामद शव को भी हत्या करार दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मांस के टुकड़े किसी पशु के हैं, लेकिन मुकुल का कहना है कि यह किसी पार्टी कार्यकर्ता की हत्या है। विद्यासागर कॉलेज में मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा ईश्वर चंद्र विद्यासागर की मूर्ति के पुनस्र्थापित करने पर भाजपा नेता मुकुल राय ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज में पार्थ सेनगुप्त ने 1970 में ईश्वर चंद्र विद्यासागर की मूर्ति का अनावरण किया था, लेकिन नए सिरे से मूर्ति स्थापित करने के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनका जिक्र तक नहीं किया। गौर हो कि लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान अमित शाह के रोड शो के दौरान हुई मारपीट के बीच इस मूर्ति पर भी हमला किया गया था। इस मूर्ति को तोड़ दिया गया था। तृणमूल का आरोप है कि मूर्ति को भाजपा समर्थकों ने तोड़ा था। इस पर भाजपा नेता मुकुल राय ने फिर कहा कि घटना की सच्चाई मालूम करने के लिए किसी केंद्रीय एजेंसी से घटना की जांच करानी चाहिए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें